एक की मौत, दो अस्पताल में भर्ती, रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर के बीच वारदात

इन दिनों शहर में देश की वे सभी संस्थाएं मौजूद हैं, जिनके नाम से अपराधियों की रूह कांपती है। इनमें एटीएस से लेकर एसटीएफ के साथ देश की जानी-मानी इंवेस्टिगेटिव संस्थाएं भी शामिल हैं। कुंभ में एक साथ 12 से 15 करोड़ लोगों के जुटने को लेकर यहां आतंकी गतिविधियों को लेकर काफी सतर्कता बरती जा रही है, लेकिन इसका असर यहां के लोकल बदमाशों पर नहीं दिख रहा है। रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर के बीच शहर के तीन भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक प्रॉपर्टी डीलर व युवती समेत तीन को गोली मारी गई।

दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

-सिविल लाइंस पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर बदमाशों ने मारी गोली

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सिविल लाइंस चौकी से कुछ दूरी पर स्थित यूको बैंक के समीप दोपहर में लगभग 12 बजे प्रॉपर्टी डीलर विद्यासागर यादव को गोली मार दी गई। बदमाशों ने जिस तरह से उसे निशाने पर लेकर कई राउंड फायरिंग की, उससे लगा कि वे हर हाल में उसकी हत्या का प्लान बनाकर आए थे। गोली लगने के करीब छह घंटे बाद विद्यासागर ने एसआरएन अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आईजी मोहित अग्रवाल, एसएसपी नितिन तिवारी, सीओ आलोक मिश्रा के साथ सिविल लाइंस थाने और चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में पुलिस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

झूंसी थाना क्षेत्र के शेरडीह गांव के राजनाथ यादव के पांच बेटे हैं। मोती लाल, शैलेन्द्र, अजय, विद्या सागर व चंचल। इसमें चंचल बीटेक की पढ़ाई करता है। विद्या सागर पहले ठेकेदारी करता था और बाद में प्रॉपर्टी डीलर का काम करने लगा। सोमवार सुबह विद्यासागर ने गांव के ही अमरजीत को फोन पर बताया कि उसे सोरांव चार पहिया गाड़ी लेकर चलना है। दोनों गाड़ी पर सवार होकर सोरांव की तरफ चले। तभी विद्यासागर के मोबाइल पर एक कॉल आई। इसके बाद उसने सोरांव जाने का कार्यक्रम कैंसिल कर दिया और चालक से कहा कि सिविल लाइंस चलो। गाड़ी में कुछ काम करवाना है। दोनों सिविल लाइंस पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर स्थित बिहारी मिस्त्री के यहां पहुंचे। विद्यासागर कारीगर के पास गया। वह उसे लेकर गाड़ी की ओर लौट रहा था, तभी बाइक से आए दो बदमाशों ने उसे निशाने पर लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई। बदमाशों ने एक गोली पेट और दूसरी कमर में मारी। एक गोली समीप में खड़ी स्कूटी में लगी।

साइलेंसर लगा था

बदमाशों ने विद्यासागर पर फायरिंग की तो उसे तत्काल गोली लगने का अहसास नहीं हुआ। बाद में जब पेट और कमर से खून बहना शुरू हुआ तो उसे गोली लगने का अहसास हुआ। एसआरएन पहुंचे आईजी मोहित अग्रवाल व एसएसपी नितिन तिवारी को यह जानकारी साथ आए चालक अमरजीत ने दी। अमरजीत ने यह भी बताया कि बदमाशों ने असलहों पर साइलेंसर फिट किया हुआ था और नजदीक आकर चलती गाड़ी से फायरिंग की। जब उन्होंने फायरिंग की तो केवल पिट-पिट की आवाज आयी, लेकिन जब विद्यासागर के शरीर से खून बहना शुरू हुआ तो अफरा-तफरी मच गई।

दर्ज है मुकदमा

जांच में पता चला कि विद्यासागर पर झूंसी थाने में एक मुकदमा भी दर्ज है। मामले में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई है। फिलहाल पुलिस मामले को प्रॉपर्टी से जोड़ कर देख रही है। बेटे को गोली लगने की सूचना पर पिता समेत अन्य भाई अस्पताल पहुंचे।

बदमाशों को थी पल-पल की खबर

जांच में जुटी पुलिस ये मान रही है कि विद्यासागर जब घर से निकला था, तब से उसके पल-पल की खबर हमलावरों को थी। जैसे ही वह सिविल लाइंस गाड़ी बनवाने के लिए रुका बदमाशों ने अपना काम कर दिया। अब पुलिस उस आदमी का पता लगाने का प्रयास कर रही है जो ये सूचनाएं हमलावरों को दे रहा था।

प्रॉपर्टी डीलर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी है। परिजनों व करीबियों से पूछताछ की जा रही है। कोई भी कुछ नहीं बता पा रहा है। प्रथम दृष्टया प्रापर्टी का विवाद सामने आ रहा है। जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा।

-नितिन तिवारी, एसएसपी

1. रविवार दोपहर: बाइक न देने पर युवक को गोली मारी

2. रविवार देर शाम: जागृति चौराहे पर युवती को मारी गोली

3. सोमवार दोपहर: प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मौत