पूर्व पार्षद के पहल पर उप सचिव प्रदेश सरकार ने दिया आदेश

ALLAHABAD: गंगा-यमुना के अस्तित्व की लड़ाई कर रहे समाज सेवी एवं पूर्व पार्षद कमलेश सिंह के पहल पर प्रदेश सरकार के उप सचिव ने प्रदूषित पानी को नदियों में न छोड़े जाने का आदेश नगर आयुक्त को दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि कार्रवाई कर शासन को अवगत कराया जाए।

समाज सेवी कमलेश सिंह ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेज कर गंगा और यमुना का जल दूषित होने की शिकायत की थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार के उपसचिव वेद प्रकाश शर्मा ने नगर आयुक्त के साथ ही पर्यावरण, जलनिगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को पत्र भेज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। उप सचिव ने अधिकारियों को भेजे गए पत्र में प्रदूषित शोधित जल को नदियों में छोड़े जाने के बजाय, विद्युत तापगृहों, इमारतों के निर्माण, रेल कोचों एवं गाडि़यों की धुलाई, खेतों और पार्को की सिंचाई करने का आदेश दिया है।