-मांझे से हो रहे लगातार हादसों के चलते प्रशासन ने लिया फैसला, युवक के होंठ कटे

-स्ट्रीट लाइट में तार लगने और पुल पर स्पीड ब्रेकर बनने तक रहेगी व्यवस्था

BAREILLY: श्यामगंज फ्लाईओवर पर मांझे के लोग रोजाना शिकार हो रहे हैं और किसी दिन मांझा किसी की जान ही लेकर मानेगा। फ्राइडे को सुरेश शर्मा नगर के रहने वाला युवक भी मांझे का शिकार हो गया और उसके दोनों होठ कट गए। लगातार हो रहे हादसों के बाद फ्लाईओवर पर दो पहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगाने की तैयारी हो रही है। डीएम आर विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले पर विचार किया जा रहा है। यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी जब तक फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइट में दोनों ओर तार लगने और डंबल स्पीड ब्रेकर बनाने का काम पूरा नहीं हो जाता है।

बाइक से गुजर रहे थे युवक

सुरेश शर्मा नगर निवासी संजय शर्मा, पेशे से पत्रकार हैं। वह रोजाना की तरह एसएसपी ऑफिस जा रहे थे। वह श्यामगंज फ्लाईओवर से गुजरे कि तभी अचानक उनके सामने मांझा आ गया। जब तक उन्होंने मांझा पकड़कर हटाया तब तक उनके दोनों होठ कट चुके थे। वह तुरंत ही पास के खुशलोक हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया। संजय होठ कटने से बोल भी नहीं पा रहे हैं और न ही कुछ खा पा रहे हैं। संजय की तरह एक दिन पहले एक अखबार के आईटी विभाग में काम करने वाले विमल त्रिपाठी भी मांझे के शिकार हुए थे। इसके अलावा महिला कांस्टेबल, एमबीए स्टूडेंट समेत करीब एक दर्जन लोग मांझे का शिकार हो चुके हैं, जिसमें आधा दर्जन गंभीर रूप से घ्ायल हुए।

पतंग उड़ाने और लूटना है जारी

फ्राइडे को भी फ्लाईओवर के आसपास घरों से पतंगों का उड़ना जारी रहा। जिसकी वजह से मांझा टूटकर नीचे टूटकर गिर रहा था। यही नहीं पतंग लूटने के लिए फ्लाईओवर पर बच्चे भटक रहे थे। जिस वक्त बच्चे पतंग लूट रहे थे उस वक्त तेज गति से वाहन भी गुजर रहे थे, ऐसे में बच्चों के साथ कोई दुघर्टना भी हो सकती थी। डीएम का कहना है कि सेतु निगम को जल्द से जल्द तार लगाने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही छापेमारी भी की जाएगी।

नीचे से गुजरेंगे टू-व्हीलर

डीएम ने बताया कि जब तक तार नहीं लग जाते हैं तब तक टू-व्हीलर फ्लाईओवर के नीचे से गुजारे जाएंगे। फोर व्हीलर आराम से ऊपर से गुजर सकेंगे और साइकिल वाले भी जा सकेंगे। बाइक सवारों को ऊपर इसलिए रोका जाएगा, क्योंकि अधिकतर हादसे बाइक सवारों के साथ हो रहे हैं। बाइक सवारों की स्पीड स्लो नहीं हो रही है और वह मांझे के शिकार हो जा रहे हैं। कई लोग तो बाइक पर आगे छोटे बच्चों को भी बैठाकर चल रहे हैं, जिससे बच्चों के साथ बड़ी अनहोनी होने का खतरा बना हुआ है।