- विवाद में वनटांगिया मजदूरों पर जड़ दिया थप्पड़, गुस्साए मजदूरों ने पीटा, दोनों तरफ से दी गई तहरीर

KUSAMHI BAZAR:

खोराबार एरिया के कुसम्ही जंगल में बेटे का पक्ष लेकर मजदूरों पर रौब झाड़ना एक दरोगा को महंगा पड़ गया। दरोगा ने एक मजदूर को थप्पड़ जड़ा तो मजदूर भी आपे से बाहर हो गए। दरोगा की जमकर खातिरदारी कर दी। दरोगा और उनका बेटा भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची खोराबार पुलिस ने मामला शांत कराया। दोनों तरफ से थाने में तहरीर दी गई है।

जंगल रामगढ़ उर्फ रजहीं निवासी राकेश ने दरोगा और अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। उधर देर शाम दरोगा ने भी अपने ऊपर जानलेवा हमले की सूचना पुलिस को दी।

जंगल में छोड़ा मवेशी

खोराबार एरिया के बहरामपुर जरदा निवासी ओम प्रकाश उत्तर प्रदेश पुलिस में सहायक सब इंस्पेक्टर हैं। उनकी तैनाती देवरिया एसपी के कार्यालय में है। शुक्रवार की सुबह उनका बेटा मवेशियों को लेकर जंगल में पहुंचा। पशुओं को चरने के लिए वह जंगल में छोड़कर लौट रहा था। तभी रास्ते में वनटांगियां मजदूर मिल गए। उन लोगों ने जंगल में मवेशी छोड़ने पर आपत्ति जताई। फसलों के नुकसान का हवाला देते हुए मवेशियों को वापस ले जाने को कहा। लेकिन दरोगा का बेटा अड़ गया। उसने पशुओं को हांकने से मना कर दिया। इस बात को लेकर कहासुनी होने लगी।

सहयोगी के साथ पहुंचे दरोगा

जंगल में विवाद होने की सूचना बेटे ने पिता को दी। कुछ लोगों को साथ लेकर दरोगा जंगल में पहुंच गए। पुलिसिया अंदाज में वन टांगियों के साथ पेश आने लगे। आरोप है कि बात बढ़ने पर दरोगा ने मजदूरों पर हाथ छोड़ दिया। इससे गुस्साए वनटांगियां भी दरोगा से भिड़ गए। मामला उल्टा पड़ता देखकर दरोगा को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। खोराबार थाना से पहुंची पुलिस फोर्स ने वनटांगियों को समझा- बुझाकर मामला शांत कराया। इस अफरा-तफरी में दरोगा का विभागीय परिचय पत्र गिर गया।

मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पीडि़त राकेश और दरोगा ने तहरीर दी है। दोनों पक्ष के बीच विवाद हुआ था। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

- रामशीष सिंह यादव, एसओ, खोराबार