- अभी तक पंडाल नहीं हो सका तैयार

- कलाकारों के नाम भी नहीं हो सके तय

agra@inext.co.in
AGRA :
इस बार 18 से 27 फरवरी तक तक आयोजित होने वाला ताज महोत्सव ढाई करोड़ की लागत से सजाया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है। ताज महोत्सव के आयोजन में मात्र एक सप्ताह शेष रह गया है, लेकिन तैयारियां अधर में हैं। हालांकि अधिकारियों का दावा है, कि तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

अभी न पंडाल सजा, न पेन्टिंग हुई पूरी
अभी तक न तो पंडाल सजा है,न ही पेंटिंग का काम पूरा हो सका है। दीवारों पर अभी पेटिंग का काम चल रहा है। ताज महोत्सव में देश-विदेश से सैकड़ों की संख्या में हस्तशिल्पी आते हैं। वे अपनी स्टॉल सजाकर अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। अभी तक केवल दीवारों पर पेन्टिंग का काम चल रहा है। पंडाल तक नहीं सजाया जा सका है। लाइटिंग का काम भी व्यवस्थित किया जाना है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सभी काम तेजी से किए जा रहे हैं। कहीं किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।

अभी ये भी काम किए जाने शेष
अभी तक मुख्य मंच की सज्जा, स्टेज, लाइट, साउण्ड, कमर्शियल स्टॉल, गेट, आतंरिक साज-सज्जा, सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था प्रोवाइड कराने का काम, सीसीटीवी कैमरा, वॉकी-टॉकी, डीएफएमडी, साउन्डलैस जनरेटर, एलईडी लाइट प्लेट, स्टेज के ऊपर हैंगर, लेजर शो आदि कार्य कराए जाने हैं। इसमें मात्र एक सप्ताह का समय रह गया है।

ताज महोत्सव में इस बार ये होगा खास
ताज महोत्सव में आगरा कॉलेज में पुस्तक मेला, महिलाओं के लिए कुकरी शो, बच्चों के लिए विज्ञान की प्रदर्शनी लगेगी और पर्यावरण प्रेमियों को आगरा ग्रीन फेस्टिवल लुभाएगा। खेल के शौकीनों के लिए खेल प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। ये 20, 21 और 22 फरवरी को स्टेडियम में होंगे। बता दें कि पुस्तक मेले का आयोजन आगरा कॉलेज मैदान में लखनऊ बुक फेयर व आगरा कॉलेज द्वारा किया जाएगा। यह सुबह 11 से शाम छह बजे तक लोगों के लिए खुला रहेगा। शिल्पग्राम में क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र द्वारा बच्चों को विज्ञान से जुड़ी जानकारी देने को विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सुबह 11 से रात 10 बजे तक यह खुली रहेगी। महोत्सव में आगरा ग्रीन फेस्टिवल का आयोजन अशोक कॉसमॉस मॉल में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गृहिणी, छात्रों, नौकरीपेशा, उद्यमियों को शहर को हरियालीयुक्त, स्वस्थ बनाने के लिए जागरूक करना है। इसमें ग्रीन टैलेंट शो, मदर्स फॉर मदर अर्थ, ड्रामा कंप्टीशन, विजन 2020 होंगे। उपनिदेशक पर्यटन अमित श्रीवास्तव ने बताया कि ताज महोत्सव में कवि सम्मेलन का काम आकाशवाणी को दिया गया है। वे ही कवियों के नाम का चयन करेंगे। ये सूरसदन में होगा।

ये आएंगे कलाकार

18 फरवरी को उद्घाटन वाले दिन अवधपुरी से जनकपुरी गायन सियाराम और गीता मलिक

19 फरवरी को अवधी, शास्त्रीय संगीत, भोजपुरी गायन होगा।

भारतीय परिधानों का फैशन शो

20 फरवरी को गायक उषा उत्थप गायन करेंगी।

22 फरवरी को अल्ताफ राजा आएंगे

23 फरवरी को लाफ्टर शो सुनील पाल और राजा रेंन्चो

24 फरवरी को मुम्बई का उड़ान बैंड प्रस्तुति देगा। इसके सभी सदस्य हैंडीकेप्टेड हैं बता दें कि इसको सलमान खान सपोर्ट करते हैं।

25 फरवरी को प्लेबैक सिंगर रितु पाठक आएंगी। इनका जलेबीबाई सांग चर्चित रहा था।

26 फरवरी को पंजाबी शाम जसवीर जस्सी के साथ

27 फरवरी को कुमार शानू आएंगे।

ये भी होगा खास

तिथि, आयोजन, स्थान

18 से 27 फरवरी, पुस्तक मेला, आगरा कॉलेज मैदान

18 से 27 फरवरी, विज्ञान प्रदर्शनी, शिल्पग्राम

20 से 22 फरवरी, खेलकूद प्रतियोगिता, एकलव्य स्पो‌र्ट्स स्टेडियम

23 से 24 फरवरी, पुष्प एवं शाक-भाजी प्रदर्शनी, सर्किट हाउस

23 से 23 फरवरी, आगरा ग्रीन फेस्टिवल, अशोक कॉसमॉस मॉल, संजय प्लेस

21 फरवरी, सेमिनार बियोंड दि ताज, होटल ग्रांड

25 फरवरी, कुकरी प्रतियोगिता, शिल्पग्राम