बुलंदशहर में हादसे का शिकार हुई ताज डिपो की बस

आगरा। आगरा से हरिद्वार और बद्रीनाथ यात्रा के लिए निकले यात्रियों की बस रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक आगरा निवासी थे। मौत की जानकारी पर परिवारों में कोहराम मच गया।

पंचर होने पर सड़क किनारे खड़ी की बस

शनिवार शाम आगरा से ताज डिपो की बस हरिद्वार के लिए चली थी। बस में 51 यात्री सवार बताए गए हैं। देर रात करीब एक बजे बुलंदशहर के कोतवाली देहात की ठंडी प्याऊ के पास बस का टायर पंचर हो गया। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और टायर चेंज करने लगा। उस दौरान कुछ यात्री बस से उतर कर खड़े भी हो गए।

ट्रक ने पीछे से आकर मारी टक्कर

कुछ यात्री नींद के चलते बस में ही बैठे रहे। रात करीब डेढ़ बजे खुर्जा की तरफ से तेज गति से आते ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। भयानक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यात्रियों की चीख पुकार सुन आस पास के लोग जमा हो गए। पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में पहुंचाया। मृतक व घायलों में अधिकाश यात्री आगरा के रहने वाले हैं।

इन लोगों की हो गई मौत

मरने वाले लोगों के नाम में चालक सियाराम त्यागी पुत्र पीतम सिंह निवासी गांव सिलोश्वर, थाना इरादत नगर खेरागढ़, श्री मल्लो देवी पत्नी राधेश्याम निवासी ताजगंज, अंजली पत्नी चैतन्य दुबेलिया निवासी भोगीपुरा, शाहगंज, सुनीता देवी पत्नी मनोज कुमार, निवासी रुनकता थाना सिकंदरा, आराधना पत्नी संतोष निवासी गोविंद ग्रीन सिटी व प्रोपर्टी डीलर अनुराग गोयल निवासी सेक्टर तीन बोदला हैं।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना से परिवारों में कोहराम मच गया। मल्लो देवी के पति को टीवी है उसने मन्नत मांगी थी कि ठीक हो जाए तो घंटा चढ़ाएगी। वह पति के साथ जा रही थी। घर में दोनों अकेले रहते थे। हादसे के बाद घर पर बस्ती के लोगों की भीड़ लग गई।

मुकदमा हुआ दर्ज

हादसे में मारी गई अंजली उपाध्याय के पति की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में परिवाहन निगम ने मृतकों के परिजनों का पचास-पाचस हजार व घायलों को पांच-पांच हजार की आर्थिक सहायता दी है।

इतने लोग हुए घायल

घायलों में श्यामलाल पुत्र बनवारी, निवासी जुगसेना, सिकंदरा (बस परिचालक), लक्ष्मी देवी निवासी ताजगंज, संजू पत्नी गुड्डू, निवासी शाहगंज बताए गए हैं।