- पेड़ से टकराने के बाद गढ्डे में पलटी कार, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, एक घायल

- बीमार बेटी को देखकर घर वापस लौट रहा था परिवार

GORAKHPUR: बांसगांव इलाके के माल्हनपार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पलभर में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। दुर्घटना में कार सवार एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शनिवार देर रात हुआ जब परिवार बेटी के ससुराल बांसगांव के परसा गांव से वापस गगहा इलाके के चवरिया बुजुर्ग जा रहा था। अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार गहरे गढ्डे में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों में जिसने भी हादसे वाली जगह पर चारों ओर लाशें और खून का मंजर देखा उसका कलेजा कांप गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव

गगहा इलाके के चवरिया बुजुर्ग निवासी मुनेश्वर शर्मा की बड़ी बेटी सोनी की शादी बांसगांव के परसा गांव में हुई है। शनिवार को मुनेश्वर और उनके भाई भुआली अपने बेटी-बेटों के साथ सेंट्रो कार से बेटी के घर गए थे। देर रात करीब 10.30 बजे वह बेटी के घर से चवरिया बुजुर्ग वापस लौट रहे थे। माल्हनपार के पास पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गहरे गढ्डे में जा गिरी। हादसे में मुनेश्वर शर्मा (45), उनके बेटे राकेश (35), पंकज (25), बेटी माधुरी (30) और भुआली की बेटियां खुशबू (15), हर्षिता (13) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 40 वर्षीय भुआली गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जुटे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बांसगांव पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

हादसे में इनकी हुई मौत

मुनेश्वर शर्मा (45)

राकेश (35) पुत्र मुनेश्वर

माधुरी (30) पुत्री मुनेश्वर

पंकज (25) पुत्र मुनेश्वर

खुशबू (15) पुत्री भुआली

हर्षिता (13) पुत्री भुआली

बॉक्स

दो लाख मुआवजा का आश्वासन

एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की खबर सुन बांसगांव के विधायक डॉ। विमलेश पासवान पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। मरने वाले मुनेश्वर शर्मा की बेटी सोनी से बातचीत की और कहा कि मृतकों के आश्रित परिजनों को दो लाख का मुआवजा मुख्यमंत्री राहत कोष से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए डीएम से बात हो चुकी है। घायल के उपचार का भी जिला प्रशासन ध्यान रखेगा।

बॉक्स

काल के गाल में समा गया पूरा परिवार

मुनेश्वर शर्मा और उनके दो बेटे राकेश और पंकज के साथ बेटी माधुरी की भी मौत हो गई है। इनके परिवार में सिर्फ मुनेश्वर की पत्नी और बड़ी बेटी सोनी बची हैं। वहीं मुनेश्वर के भाई भुआली घायल हैं जबकि उनकी दोनों बेटियां खुशबू और हर्षिता की मौत हो गई है। एक साथ छह मौतों से गांव में मातम पसरा है।