- दो पक्षों में कई राउंड फायरिंग और पथराव में आधा दर्जन घायल

- पुलिस ने दोनों पक्षों के 14 लोगों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज किया

- दुकान हटवाने को लेकर विवाद

Meerut: कोतवाली थाना क्षेत्र के गोला कुआं पर शुक्रवार को दो पक्षों के विवाद में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। जिसकी चपेट में आकर दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही दोनों ही पक्ष के 7-7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा दोनों पक्षों के दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

दुकान हटवाने पर विवाद

स्थानीय निवासी बंटी की बिजेन्द्र वाली गली में फुटवियर की दुकान है। अर्जुन वाली गली निवासी पप्पू पुत्र रामकिशन ने पुलिस को सूचना देकर उसने आरोप लगाया कि बंटी शराब बेचने का काम करता है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरूवार की शाम उसकी दुकान हटवा दी।

रंजिश में चली गोलियां

इसी को लेकर दोनों पक्षों की शुक्रवार को कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों ओर से करीब 10-10 राउंड फायरिंग व पथराव हुआ। पथराव की चपेट में आकर तीन महिलाओं सहित 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लिया है।

14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 7-7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पहले पक्ष से अंकुश और दूसरे पक्ष से अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वर्जन

दोनों पक्षों से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य 12 लोग अभी फरार हैं। जल्द ही उन्हे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

अजय कुमार अग्रवाल, इंस्पेक्टर कोतवाली थाना