- मलिन बस्तियों का होगा सर्वे, समस्याओं की बनेगी लिस्ट

- मेयर की ओर से दिए गए निर्देश, जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी

LUCKNOW: निगम की ओर से मलिन बस्तियों को स्मार्ट बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस दिशा में जल्द ही सर्वे शुरू होने जा रहा है। इस सर्वे में मुख्य रूप से बस्तियों में व्याप्त समस्याओं को अंकित किया जाएगा। इसके बाद इन समस्याओं को दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

पहले ही घोषणा

नई शहर सरकार के गठन के बाद ही मेयर ने घोषणा की थी कि मलिन बस्तियों को भी स्मार्ट बनाया जाएगा। अब इसी दिशा में मेयर के निर्देश पर निगम अधिकारियों ने कदम आगे बढ़ाए गए हैं। इस बाबत जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बेहद जरूरी

शहर में स्थित मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह परेशानियां मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जुड़ी हुई हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही मेयर की ओर से योजना का खाका तैयार किया गया है।

तैयार की जाएगी सर्वे रिपोर्ट

सर्वे के दौरान देखा जाएगा कि मलिन बस्तियों में मार्ग प्रकाश, पेयजल संसाधन, सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था आदि की क्या स्थिति है। सर्वे के दौरान बस्तियों में रहने वाले लोगों से भी सुविधाओं को लेकर जानकारी हासिल की जाएगी। इस आधार पर ही सर्वे रिपोर्ट तैयार होगी।

मलिन बस्तियों को स्मार्ट बनाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पूरा प्रयास है कि जल्द से जल्द मलिन बस्तियों में व्याप्त समस्याओं को दूर किया जाए।

संयुक्ता भाटिया, मेयर