-तस्कर के पास पुलिस ने तीन हजार स्मैक की पुडि़या कर ली है बरामद

-पकड़ी गई स्मैक की कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 42 लाख बताई जा रही है

BAREILLY:

आंवला पुलिस ने स्मैक का कारोबार करने वाले एक तस्कर को स्मैक को तीन हजार पुडि़यों के साथ वेडनसडे दोपहर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई स्मैक की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 लाख रुपए है। मुखबिर से मिली सटीक जानकारी पर थाना प्रभारी संजय सिंह, एसआई दिलशाद खान ने आंवला रेलवे स्टेशन पर तांगा स्टैंड के पास एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक की तीन हजार पुडि़या मिली। पुलिस तस्कर को थाने ले गई।

जा रहा था हरियाणा

आंवला पुलिस ने सूचना पर दोपहर को अलीगंज निवासी मेंहदी हसन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 420 ग्राम स्मैक की 3 हजार पुडि़या मिली। पुलिस पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह स्मैक लेकर हरियाणा जा रहा था। उसने बताया कि उसे हरियाणा बॉर्डर पर विनोद नाम के व्यक्ति को इसकी डिलीवरी देनी थी। पूछताछ में बताया कि भाई वली मोहम्मद स्मैक की तस्करी करता है।

14 ग्राम स्मैक में बनती है 100 पुडि़यां

पकड़े गए स्मैक तस्कर मेंहदी हसन ने पुलिस को बताया कि, वह 14 ग्राम स्मैक में 100 पुडि़यां बनाता है। दिल्ली, पंजाब, व अन्य क्षेत्रों में इसकी कीमत दो से ढाई सौ रुपए प्रति पुडि़या तक होती है। इन तीन हजार पुडि़यों को बनाने में उसने कुल 420 ग्राम स्मैक का प्रयोग किया था। इसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत 42 लाख रुपए बताई जा रही है।