जार्जटाउन व सिविल लाइंस में दो महिलाओं के गले से झपटी चेन

स्कूटी सवार महिला गिरते गिरते बची, नहीं मिला उचक्कों का सुराग

ALLAHABAD: गर्मी शुक्रवार को उफान पर थी तो उचक्कों ने भी डबल स्ट्रोक लगा दिया। उचक्कों ने सिविल लाइंस व जार्जटाउन में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपट ली और फुर्र हो गए। छीनाझपटी में एक महिला स्कूटी से गिरते-गिरते बची।

1. अशोक नगर की मालती शुक्रवार दोपहर स्कूटी से सिविल लाइंस खरीदारी करने आई थीं। वह खरीदारी करने के बाद अकेले ही घर की ओर लौट रही थीं तभी कानपुर रोड पर पीछे से आए युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। छीनाझपटी में स्कूटी डिसबैलेंस हो गई। किसी तरह उन्होंने गिरने से खुद को बचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को खबर दी। हालांकि मालती बिना तहरीर दिए ही वहां से चली गई।

2. जार्जटाउन में मालवीय रोड पर स्वाती श्रीवास्तव के गले से भी झपटमारों ने चेन पार कर दी। टैगोर टाउन के रहने वाले अशोक की पत्‍‌नी स्वाती, मालवीय रोड पर रहने वाली एक रिश्तेदार के घर गई थीं। दोपहर में तीन बजे वह घर से लिए रिक्शे का इंतजार कर रही थीं। इसी बीच पीछे की तरफ से ब्लैक कलर की पल्सर से आए युवकों ने झपट्टा मारकर चेन छीन ली। स्वाती के पति अशोक ने पुलिस से शिकायत दर्ज करवाई है।