- सीवर को यमुना से अलग कराने की मांग

- लोगों को पर्चे बांटकर लिया यमुना सफाई का संकल्प

आगरा। जिस यमुना की पीड़ा को विभागीय अधिकारी नहीं समझ पा रहे, अब उसी यमुना की पीड़ा को दूर करने के लिए सिटी के सामाजिक संगठन आगे आए हैं। फ्राइडे को सामाजिक संगठन के लोगों ने यमुना की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को पर्चे बांटकर उनसे संकल्प लिया कि यमुना के शुद्धीकरण के लिए काम करेंगे व आगे भविष्य में यमुना को गंदा नहीं करेंगे।

गंदे 'जख्मों' से भरी है यमुना

यमुना की स्थिति वर्तमान में अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। यमुना में पड़ी हुई गंदगी यमुना के हृदय पर जख्म देने का काम कर रही है। यमुना के जख्मों को डाली जाने वाली गंदगी और हरा कर रही है।

हाथ जोड़ते हैं 'आचमन' नहीं

लोग आस्था वश यमुना में स्नान तो करते हैं लेकिन उसका आचमन नहीं कर पाते। जिसकी वजह भी साफ है कि यमुना की हालत ऐसी नहीं है कि उसके पानी का आचमन किया जा सके। यमुना में बढ़ते पॉल्युशन के कारण यमुना का पानी जहरीला हो गया है।

कमिश्नर से भी करेंगे मुलाकात

यमुना की पीड़ा को लेकर सामाजिक संगठन के लोग पूर्व में भी मंडलायुक्त से मिलकर यमुना के पॉल्युशन को दूर करने की मांग कर चुके हैं। समय-समय पर अभियान चलाकर उसे साफ किया जाता है, इसके बाद भी कुछ समय बाद यमुना की स्थिति जस की तस हो जाती है। इस प्रॉब्लम के सॉल्युशन को लेकर एक बार फिर सामाजिक संगठन के लोग कमिश्नर से वार्ता करने जाएंगे।

रोड बनवाने की मांग

हाथी घाट की दुर्दशा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी से दो चार होना पड़ता है। कुछ तो वहां लोगों के द्वारा गंदगी फेंक दी जाती है। वहीं दूसरी ओर रोड का निर्माण न होने के कारण भी यमुना का पॉल्युशन बढ़ रहा है।

यमुना में गिरते सीवरों को बंद कराने की मांग

प्रकृति प्रेम, माथुर वैश्य इंटरनेशनल व मानव सर्वागीण विकास सेवा समिति ने संयुक्त रूप से यमुना के पॉल्युशन पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को जागरूक करने की भी जिम्मेदारी ली है। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक आगराइट्स जागरूक नहीं होंगे तब तक यमुना को पूरी तरह से साफ नहीं किया जा सकता है।

पॉलीथिन दूर करने की मांग

सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने यमुना में बढ़ रहे पॉल्युशन को दूर किए जाने के उद्देश्य को लेकर लोगों से पॉलीथिन को यमुना से दूर किए जाने की मांग की। पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक पॉलीथिन दूर नहीं होगी तब तक यमुना का पॉल्युशन दूर नहीं होगा।

यमुना नदी के वर्चस्व से ही जीवन संभव हो पा रहा है। यदि यमुना का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा तो जीवन जीने के लिए पानी कहां से आएगा। ग्राउंड वाटर भी धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। श्याम पैंगोरिया, प्रकृति प्रेमी

आज से दस सालों के बीच में यमुना का जल स्तर काफी हद तक कम हो गया है। वहीं ऊपर से यमुना में हर रोज आने वाला पॉल्युशन यमुना की स्थिति को बद से बदतर बना रहा है।

रामचरण शर्मा पूर्व वाइस प्रिंसीपल

यमुना बचाने के लिए हम लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। निचले स्तर से लेकर ऊपर स्तर तक हमने प्रयास किए हैं और आगे भी करते रहेंगे। जो लोग आज यमुना नदी का महत्व नहीं समझ रहे हैं वह आने वाले समय में शीघ्र ही समझ जाएंगे। पं। अश्वनी मिश्र, महंत मनकामेश्वर

यमुना की सफाई होने के बाद उसकी मॉनीटरिंग के लिए प्रशासन द्वारा टीम गठित की जानी चाहिए। ताकि यमुना में पॉल्युशन फैलाने वालों पर निगाह रखी जा सके। धीरज कुमार सिंघल सिटीजन

हमारा भी मन करता है कि हम अपने फ्रेंड्स के साथ यमुना की पूजा अर्चना करें साथ ही उसका आचमन भी करें लेकिन यमुना में बढ़े हुए पॉल्युशन की वजह से अंदर से मन नहीं करता। अंशिका पैंगोरिया, स्टूडेंट

यमुना नदी ताजमहल के पीछे बहती है। देश विदेश से आने वाले टूरिस्ट यमुना नदी को देखकर प्रसन्न होते हैं लेकिन वहीं यमुना में पड़ी हुई गंदगी ताज सिटी की छवि को धूमिल कर रही है। मीरा दिनेश गुप्ता, माथुर वैश्य इंटरनेशनल

पूर्व में जब रक्षाबंधन त्यौहार पर यमुना में हम फुलरिया विसर्जन करने आते थे। तब यमुना का बहाव काफी तेज था और यमुना में पॉल्युशन नहीं था। लेकिन अब पानी कम हो गया है और पॉल्युशन बढ़ गया है। पुष्पा विश्वनाथ गुप्ता, माथुर वैश्य इंटरनेशनल

यमुना के पॉल्युशन को दूर करने के लिए विभागीय अधिकारियों को सबसे पहले यमुना के हक का पानी यमुना में छुड़वाना चाहिए। जो पानी पहले कभी भरकर चला करता था वह आज खाली-खाली सी नजर आती है। कांता राममोहन गुप्ता माथुर वैश्य इंटरनेशनल संस्था

यमुना में पॉलीथिन न जाए इसे लेकर शीघ्र ही कार्ययोजना तैयार की जा रही है। यमुना की खराब स्थिति को देखते हुए ही सिटी में पॉलीथिन पर वैन लगाने की तैयारी की जा रही है। इन्द्र विक्रम सिंह, नगर आयुक्त

यमुना सफाई समय-समय पर कराई जाती है। जब लोग स्वयं जागरूक नहीं होंगे तब तक यमुना की गंदगी को दूर नहीं किया जा सकता। निगम यमुना के शुद्धीकरण को लेकर काफी गंभीर है। राजीव कुमार राठी, पर्यावरण अभियंता नगर निगम

यमुना सफाई को लेकर हम पहले से ही काफी चिंतित हैं। प्रयास किए जा रहे हैं कि यमुना को पॉल्युशन फ्री कराया जा सके। इन्द्रजीत सिंह आर्य मेयर