-अमौसी निवासी है वर पक्ष, सचेंडी कस्बा में आई थी बारात

-परिजन गंभीर हालत में घायल को एसजीपीजीआई ले गए

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : सचेंडी में शनिवार को विदाई में दुल्हन के हकली होने का पता चला तो युवक ने पिता को गोली मार दी, जिससे वहां पर हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में परिजन घायल पिता को एसजीपीजीआई ले गए। देर रात तक खबर लिखे जाने तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी।

विदाई के समय पता चला

लखनऊ के अमौसी में रहने वाले जितेंद्र सिंह के बेटे नान सिंह की शादी थी। उन्होंने सचेंडी निवासी राजबीर सिंह की बेटी शालिनी से उसकी शादी तय की थी। शुक्रवार को बारात घर पहुंची थी। जयमाल समेत अन्य रस्म पूरी होने के बाद सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी बीच नान सिंह को शालिनी के रुक-रुककर बोलने का पता चला तो उसने शादी से मना कर दिया। जितेंद्र ने नान को समझाने की कोशिश की, लेकिन वो दुल्हन को विदा न करने की जिद पर अड़ गया।

ग्रामीणों ने बोलने से मना किया

जितेंद्र ने बेटे को डांटते हुए दुल्हन की विदाई कराने के लिए कहा तो वो भड़क गया। गुस्से में नान सिंह ने पिता को गाली देते हुए उन पर कट्टे से फायर कर दिया। आनन-फानन में परिजनों उनको कार से एसजीपीजीआई ले गए। इधर, शादी के घर में सन्नाटा पसर गया। कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग में मौत की अफवाह उड़ा दी। सूचना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। एसपी ग्रामीण सुरेंद्र तिवारी का कहना है कि जितेंद्र को नाजुक हालत में परिजन लखनऊ ले गए थे। वो किस हालत में है। इसके लिए लखनऊ पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।