ALLAHABAD: कर्नलगंज में बेटे ने पिता को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज पिता ने सोते समय बेटे पर खौलता पानी डाल दिया जिससे बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

बाप-बेटे में अक्सर होता था विवाद

कर्नलगंज में प्रभाकर द्विवेदी का मकान है। उसमें कई किराएदार रहते हैं। इसी से प्रभाकर के घर का खर्च चलता है। दो बेटों में छोटे दिनकर की शादी नहीं हुई थी। आसपास के लोगों की मानें तो प्रभाकर की शोहबत अच्छी नहीं थी। इसे लेकर अक्सर पारिवारिक विवाद होता था।

 

भाई ने दर्ज कराया केस

मंगलवार को भी विवाद हुआ तो दिनकर ने पिता को थप्पड़ जड़ दिया। इससे तत्काल तो मामला ठंडा हो गया, लेकिन बाद में जब दिनकर सो रहा था तो गुस्साए प्रभाकर ने पानी खौलाया और सो रहे दिनकर पर डाल दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे पहले निजी और फिर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। भाई अंकित ने पिता के खिलाफ कर्नलगंज थाने में एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस ने प्रभाकर को गिरफ्तार कर लिया है।

 

सुबह बेटे ने पिता को मारा था। बेटे की मार से गुस्साए पिता प्रभाकर ने रात में बेटे पर खौलता पानी डाल दिया था। इससे इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई।

सियाकांत चौरसिया, विवेचक दरोगा, थाना कर्नलगंज