ताज का दक्षिणी गेट होगा बंद

आने वाले समय में ताज में सिर्फ दो ही गेटों से एंट्री हो सकती है। ताज का दक्षिणी गेट बंद किया जा सकता है। मंगलवार को ताजमहल के निरीक्षण को आए आईजी सीआईएसएफ एन। वेणुगोपाल ने इसके लिए अधिकारियों के साथ मंथन किया। स्मारक की सुरक्षा को खतरा बताकर सुरक्षा एजेंसियां पूर्व में इसे बंद करने की संस्तुति भी कर चुकी हैं।

गेट से सटे मकान हैं खतरा

स्मारक की दक्षिणी दीवार से सटे मकानों को सुरक्षा एजेंसियां स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा मानती रही हैं। यहां बने कुछ मकान स्मारक की दक्षिणी दीवार से भी ऊंचे हैं। मंगलवार को आईजी सीआईएसएफ एन। वेणुगोपाल ने ताज का निरीक्षण किया। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ। भुवन विक्रम और सीआईएसएफ कमांडेंट ब्रजभूषण के साथ उन्होंने हर सुरक्षा मोर्चे को देखा। इस दौरान ताज के दक्षिणी गेट को बंद करने की योजना पर भी गहन मंथन हुआ।

दक्षिणी गेट से कम होती है एंट्री

दक्षिणी गेट से ताज में सबसे कम पर्यटकों की कमी होती है। ताज के पश्चिमी और पूर्वी गेट से ज्यादा संख्या में पर्यटकों की एंट्री होती है। दक्षिणी गेट के बंद होने से पूर्व पर्यटकों को होने वाली परेशानी से बचाने को पूर्वी व पश्चिमी गेट पर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। दोनों गेटों पर एक्सरे मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

अलग समय पर खुलता है दक्षिणी गेट

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित सभी स्मारक सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलते हैं। ताज के पूर्वी व पश्चिमी गेट इसी नियम के अनुसार खुलते व बंद होते हैं लेकिन दक्षिणी गेट पर यह नियम लागू नहीं होता। यह सुबह आठ बजे खुलता है और शाम पांच बजे बंद हो जाता है।