- छीपीटोला और जीवनी मंडी में जाम से जूझते हैं लोग

आगरा। सिटी के कई मुख्य चौराहों को जाम से मुक्त करने के बाद अब भी कई ऐसे स्थान हैं जहां पर जाम की स्थिति अब भी देखी जाती है। जबकि यहां पर भी जाम खत्म करने के निर्देश हैं। एसपी सिटी ने जब यहां पर जाम के हालात देखे तो थाना इंचार्जो की क्लास लगा दी साथ ही चेतावनी भी दी।

जीवनी मंडी भी नहीं जाम मुक्त

थाना रकाबगंज छीपीटोला में बैंक के पास से अंदर रोड तक इतना जाम रहता है कि वाहनों को रेंगना पड़ता है। वहां पर लोग रोज जाम से जूझते हैं। इसका मुख्य कारण वहां पर फैला हुआ अतिक्रमण है। यहां पर पुलिस की आंखों के सामने अतिक्रमण बढ़ता है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। जाम लगने से परेशानी से लोगों को जूझना पड़ता है। थाना छत्ता जीवनी मंडी चौराहे पर कभी भी जाएं, वहां पर जाम के हालात बने रहते हैं। यहां पर चौराहा कभी जाम से खाली नहीं होता। आने वाले वाहन यहां से व्यस्त बाजार बेलनगंज, गधापाड़ा, यमुना किनारा व वॉटर व‌र्क्स की तरफ जाते हैं। यहां पर पुलिस चौकी चौराहे के बराबर से है फिर भी जाम लगता है।

कार्रवाई की चेतावनी दी

एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने जब इन स्थानों पर जाम देखा तो उन्होने दोनों थाना इंचार्जो से जबाव तलब कर लिया कि जाम क्यों लगा है। इस पर वह ठीक से जबाव नहीं दे सके। इसके बाद एसपी सिटी का पारा चढ़ गया। उन्होने थाना इंचार्जो को हिदायत दी कि वह अपने क्षेत्र से जाम हटवाएं। एसपी सिटी के कड़े निर्देश हैं कि किसी भी हाल में जाम न लगने पाए। थाने से फोर्स लगाया जाए। यदि इसके बाद भी इन स्थानों पर जाम लगा दिखाई देता है तो मौके पर तैनात सिपाही और थाना प्रभारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। मौके पर फोर्स लगा कर रोड को जाम फ्री किया गया।