RANCHI : राजधानी रांची में दिव्यांग मतदाताओं के लिए चेशायर होम में मतदान केंद्र बनाया जाएगा, जबकि कई मतदान केंद्र भी बदले जाएंगे। इसके अलावा कांके विधानसभा क्षेत्र में एक नया मतदान केंद्र भी बनाया जाएगा। डीसी आर महिमापत रे ने शनिवार से शुरू हुए मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सुधार के साथ साथ संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य भी तेजी से किया जाएगा। अक्टूबर तक ये प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

दर्ज कराएं नाम

डीसी आर महिमापत रे ने कहा कि जिनकी आयु अगले साल एक जनवरी को पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। उन्होने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का एक से अधिक जगहों पर मतदाता सूची में नाम है तो यह अधिनियम 1950 की धारा 31 के अनुसार दण्डनीय अपराध है। अत: वे इसमें भी सुधार करा लें, वरना कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

बदलेंगे कई मतदान केंद्र

डीसी ने कहा कि कई मतदान केन्द्रों के जर्जर भवन होने के कारण रांची विस एरिया में 13 और सिल्ली विधान सभा के 01 मतदान केन्द्र बदलने का अनुमोदन भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त हो गया है। इन पुराने मतदान केन्द्रों में बदलाव करते हुए शीघ्र ही नए मतदान केन्द्रों की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं के लिए चेशायर होम व कांके विधानसभा में एक नया मतदान केन्द्र बनाया गया है। सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलओ को सहयोग हेतु बीएलओ नियुक्त करने का अनुरोध किया गया है।