-लखनऊ सेंट्रल की तर्ज पर चल रही तैयारी

-बैरकों में लूडो-कैरम बोर्ड कराए गए मुहैया

GORAKHPUR: मंडलीय कारागार के बंदियों के बीच खेलकूद प्रतियोगिता होगी। बंदियों के खेलकूद प्रतिभा को निखारने के लिए जेल प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कैंपस के भीतर बैडमिंटन कोर्ट तैयार करा लिया गया है। ठंड शुरू होने के पहले बंदी बैडमिंटन खेलना शुरू कर देंगे। जेलर का कहना है कि आदर्श जेलों में इस तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। इससे बंदियों को सुधारने में मदद मिलती है। आदर्श जेलों में इस तरह की सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।

प्रतियोगिता कराकर रोकेंगे डिप्रेशन

मंडलीय कारागार में करीब 1700 बंदी हैं। इनमें आधे से अधिक अपने गुनाहों की सजा काट रहे हैं। बंदियों में तमाम ऐसे भी हैं जिनका कोई पेशेवर अपराध नहीं है। लेकिन परिस्थितिजन्य अपराधों में शामिल होने से उनको जेल जाना पड़ गया। ऐसे बंदी विभिन्न खेलों में रुचि रखते हैं। जेल में मनोरंजन का कोई संसाधन मौजूद न होने से बंदी डिप्रेशन के शिकार हो जा रहे हैं। बंदियों को अलग माहौल देने के लिए जेल प्रशासन तैयारी में जुटा है। बैरकों में बंदियों के लिए जेल प्रशासन की ओर से लूडो और कैरमबोर्ड उपलब्ध कराया दिया गया है।

बैडमिंटन कोर्ट तैयार, लूडो-कैरम खेल रहे बंदी

जेल में खेलकूद की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। सभी बैरकों में लूडो और कैरमबोर्ड बांट दिया गया है। मुलाकाती कैंपस में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण हो चुका है। जेल अधिकारियों का कहना है कि जाड़ा शुरू होने के पहले उसमें बंदी बैडमिंटन खेलना शुरू कर देंगे। बंदियों के साथ-साथ जेल अधिकारी और कर्मचारी भी शटल पर जोर आजमाएंगे। बैडमिंटन के अलावा जेल में कबड्डी, खो-खो, बालीवाल, रस्सा-कस्सी सहित कई प्रतियोगिताओं की तैयारी कराई जाएगी। शासन से अनुमति लेकर विभिन्न जेलों के बंदियों के बीच कंपटीशन कराया जाएगा। प्रतियोगिता जीतने वाले बंदियों को पुरस्कृत करने से उनका मनोबल बढ़ेगा

वर्जन

जेल में बंदियों के बीच खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बंदियों के लिए बैडमिंटन कोर्ट बना दी गई है। प्रतियोगिताओं से बंदियों का मन लगा रहता है। पूर्व में कई जगहों पर इस तरह की व्यवस्था रही है।

आरके सिंह, जेलर