- पीडि़तों का आरोप बदमाशों ने जेवरात और नगदी चोरी की

- पुलिस की छानबीन में चोरी की घटना पर उठे सवाल

- पुलिस के अनुसार परिवार विवाद के चलते कहानी गढ़ी जा रही

Meerut: चोर चोरी के लिए भी अजब-गजब तरीके अपना रहे हैं। शनिवार रात बदमाशों ने जागृति विहार के एक घर पर धावा बोल दिया। उन्होंने स्प्रे छिड़क कर पूरे परिवार को नींद में सुला दिया। इसके बाद उन्होंने चोरी को अंजाम दिया। नींद खुलने पर लोगों ने शोर मचाया तो बदमाश भाग खड़े हुए। बदमाशों ने नगदी और जेवरात सहित लाखों के माल पर हाथ साफ किया। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस घर पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल वह स्प्रे को लेकर कुछ भी नहीं कह रही है।

मेडिकल आईटी में इंचार्ज

जगृति विहार में अगस्तिना सिसोदिया अपने परिवार के साथ रहती हैं। वे मेडिकल में आईटी विभाग की इंचार्ज हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे पूरा परिवार सो रहा था। बगल वाले कमरे में उनका बेटा नीरज, बहू कविता और दो वर्षीय बच्ची सो रही थी। कविता ने बताया कि रात के करीब दो बजे होंगे उनकी अचानक नींद खुली। देखा एक युवक खड़ा था। इस पर उन्होंने शोर मचा दिया। सभी परिजन जग गए। शोर सुनकर वह युवक भाग खड़ा हुआ। उसके साथ कुछ और युवक भी थे। जब उन्होंने लाइट ऑन किया तो पता चला कि घर में चोरी हुई है। दो कमरों की अलमारी पर चोरों ने हाथ साफ किया है। उन्होंने बताया कि अलमारी में से चोरों ने करीब 27 हजार रुपए की नगदी और 15 लाख की कीमत का जेवर चोरी हुआ हुए हैं।

बदमाशों ने किया छिड़काव

सुबह होते ही सूचना मिलने पर थाना पुलिस घर पर पहुंची। उन्होंने छानबीन भी की। परिजनों ने बताया कि बदमाशों ने उनके ऊपर कुछ छिड़काव किया होगा। शोर मचने पर जब वे उठना चाह रहे थे तो उठ नहीं पा रहे थे। ऐसा लग रहा था कि जैसे वे बेहोश हो गए हों। उनका शरीर अकड़ रहा था। उठने में काफी परेशानी हो रही थी। उन्होंने पुलिस को भी यही कहानी बताई। फिलहाल पुलिस केवल चोरी को लेकर छानबीन कर रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

कहानी कुछ और तो नहीं

उधर शुरुआती छानबीन में कुछ और ही कहानी सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार यह पूरी कहानी गढ़ी हुई लग रही है। घर किसी भी दरवाजे का ताला नहीं टूटा। न मेन गेट का न ही कमरे का। फिर सबसे बड़ा सवाल यह है कि बदमाश अंदर आए कैसे। कमरे में ही अलमारी रखी हुई है। उसके ताला टूटने का भी निशान नहीं है। तो बिना ताला टूटे अलमारी में से जेवर और नगदी कैसे टूट जाएगा। कमरे में कोई चोरी करेगा तो आवाज भी होनी चाहिए। कमरे में बदमाश कैसे घुसे। इन सभी सवालों का जवाब वे नहीं दे पाए। अगर उनके ऊपर किसी कमेकिल का छिड़काव किया गया भी तो रात के दो बजे तो वे नींद से नहीं जाग पाते। पुलिस इस एंगिल पर भी छानबीन कर रही है कि सास और बहू के बीच विवाद चल रहा है। जिसके चलते ही यह कहानी गढ़ी गई है।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। स्प्रे छिड़कने जैसा कोई मामला नहीं है। फिलहाल यह पुष्ट भी नहीं हो पा रहा है कि चोरी हुई की नहीं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

- रविंद्र कुमार वशिष्ठ, एसओ मेडिकल थाना

क्या करते हैं चोर

-पीडि़त के बयान को अगर सही माना जाए तो चोरों ने लैब में इस्तेमाल होने वाले डायल्यूट क्लोरोफार्म का इस्तेमाल किया होगा।

-बताया जाता है कि कोई भी कंपनी डायल्यूट क्लोरोफार्म को स्प्रे के रूप में पेश नहीं कर रही है। हो सकता है कि जुगाड़ से स्प्रे बनाया गया हो।

-चोर इसका इस्तेमाल बिल्कुल मच्छर वाले स्प्रे की तरह करते हैं, जो हवा में मिलकर सोते हुए लोगों को गहरी नींद में सुला देता है।

-अधिक मात्रा में इसका इस्तेमाल जिंदगी के लिए खतरनाक भी हो सकता है। बदमाश 30-30 मिनट के अंतर पर इसका इस्तेमाल करते हैं।

आप रहें सावधान

-चोरों में घर में एंट्री का कोई मौका न दें। सोने से पहले घर के सभी खिड़की-दरवाजे अच्छी तरह से बंद कर लें।

-रात में किसी भी तरह की आहट महसूस करें तो बाहर निकलकर उसकी जांच अवश्य करें।

-अगर लगता है कि कोई आपके घर की निगरानी कर रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को अवश्य दें।

-अधिक खतरा होने पर मोहल्ले वालों के साथ पहरा दें या किसी कंपनी से सिक्योरिटी हायर करें।

-सुरक्षा के लिए सीसीटीवी काफी फायदेमंद साबित होता है, इससे संदिग्ध गतिविधियों पर निगाह रखी जा सकती है।