एसआरएन हॉस्पिटल कैंपस के दर्जनों घरों से गायब हुआ पेयजल

दो माह से खराब पड़ी है सड़क, पैदल चलना मुश्किल

ALLAHABAD: एसआरएन हॉस्पिटल कैंपस में रहने वाले कर्मचारी, अधिकारी और डॉक्टर नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पिछले दो माह से यहां की सड़क खराब थी तो पिछले तीन दिन से पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई है। नाली बनाने के दौरान जेसीबी ने पाइप लाइन डैमेज कर दी। इससे दर्जनों घरों की पानी सप्लाई बंद हो गई है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल प्रशासन ने समस्या से निजात दिलाने की अपील की है।

मनमानी पर उतारू हुए विभाग

दो माह पूर्व पीजी हास्टल से पुराने कर्मचारी आवास तक की सड़क बनाने के नाम पर पूरे मार्ग को खोद दिया गया था। इसके बाद संबंधित विभाग गायब हो गया। बताया गया बजट उपलब्ध नही है। इसके चलते सौ से अधिक परिवार प्रभावित हुए और पैदल चलना दूभर हो गया। बारिश और जलभराव हो जाने से लोग किसी तरह यहां से निकल रहे हैं। यहां तक पीजी स्टूडेंट्स भी इस परेशानी का सामना करने पर मजबूर हैं।

दर्जनों घरों में नही आ रहा पानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले नाली खोदाई के दौरान जेसीबी ने एरिया की पाइप लाइन डैमेज कर दी। कई जगह से से टूटे पाइप से निकलने वाला पानी जलभराव का कारण बन रहा है। दर्जनों घरों में पानी नही आने से हाहाकार मचा हुआ है। जैसे-तैसे पानी का जुगाड़ कर लोगों की दिनचर्या पार हो रही है। लोगों का कहना है कि सुनवाई नही हुई तो विरोध दर्ज कराया जाएगा।

दो माह से ऊपर हो चुका है। कोई सुनवाई नही हो रही। सड़क से होकर निकलने में कई बार सोचना पड़ता है। प्रशासन इस ओर ध्यान नही दे रहा। तीन दिन से पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई है।

हेमंत सिन्हा, प्रांतीय उपाध्यक्ष, मेडिकल कॉलेज कर्मचारी संघ

गंदगी की वजह से दुर्गध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। यहां रहने वालों को काफी परेशानी हो रही है। जलभराव खत्म नही हुआ तो बीमारियां फैल जाएंगी। ऊपर से अब जेसीबी ने पानी की पाइप लाइन भी खराब कर दी।

शीला तिवारी

इस रास्ते से अधिकारी भी गुजरते हैं। उनको नजर आता है कि किस तरह सैकड़ों परिवार परेशान हैं। पानी और सड़क, दोनों के लिए स्थानीय लोग परेशान हो रहे हैं।

संतोष कुमार

मंडल के सबसे बड़े हॉस्पिटल के सड़कों की हालत देखने लायक है। हमलोग सोचते हैं आज सड़क बन जाएगी लेकिन ऐसा सोचते एक माह बीत गया।

नसीम

इसे तो मनमानी कहा जाएगा। पहले रोड खराब की और अब पाइप लाइन डैमेज कर दी। तीन दिन से यह लोग मरम्मत नही कर सके हैं। इससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

शत्रुघन श्रीवास्तव