-एक साथ 309 कांस्टेबल का जिले के अन्य थानों में किया ट्रांसफर

-पुलिसकर्मियों में मचा हड़कंप, लंबे समय से तैयार हो रही थी लिस्ट

BAREILLY: बरेली पुलिस में एक साथ 309 ट्रांसफर के बाद खलबली मच गई है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने लॉ एंड ऑर्डर बेहतर करने के लिए फ्राइडे रात जिले के पुलिसकर्मियों का दूसरे थानों में ट्रांसफर किया है। सिटी के 10 थानों में से ही 147 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर किया गया है। अधिकांश को देहात के थानों में भेजा गया है। इसके अलावा 26 हेडकांस्टेबल के भी ट्रांसफर होने की खबर है। पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर की लिस्ट करीब 15 दिनों से तैयार की जा रही थी ,लेकिन सावन, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की वजह से लिस्ट जारी नहीं हो सकी थी। एसएसपी ने सभी को जल्द से जल्द थानों से रिलीव करने और दूसरे थानों में ज्वाइन करने का आदेश दिया है।

बारादरी से 37 सबसे ज्यादा ट्रांसफर

शासन से सभी जिलों में आदेश आया था कि थानों में लंबे समय से टिके पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर किया जाए। क्योंकि अधिकांश पुलिसकर्मी अपनी सुविधा के हिसाब से शहर के थानों में पोस्टिंग करा रखे हैं और रूरल एरिया के थानों में नहीं जाना चाहते हैं। लिस्ट बनने की खबर से ही पुलिसकर्मियों में खलबली मची हुई थी। जिसके बाद करीब 309 कांस्टेबल की लिस्ट तैयार की गई है। इनमें से 147 सिटी और 162 रूरल एरिया के हैं। शहर की बात करें तो यहां 10 थाने हैं, जिनमें एक महिला थाना और दो आउटर के थाने सीबीगंज और बिथरी चैनपुर हैं। महिला थाने से सिर्फ दो, बिथरी चैनपुर से 7 और सीबीगंज से 8 ट्रांसफर किए गए हैं। कैंट में 6 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा 6 थानों से ट्रांसफर होने वाले पुलिसकर्मियों की लिस्ट काफी लंबी है। इनमें सबसे ज्यादा बारादरी से 37, इज्जतनगर से 22, किला से 18, कोतवाली से 17, सुभाषनगर से 17, प्रेमनगर से 13 पुलिसकर्मी हैं।