RANCHI : नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी चरम पर पहुंच चुकी है। चुनावी किस्मत आजमा रहे तमाम प्रत्याशी जहां मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए डोर-टू-डोर कैंपेन समेत अन्य चुनावी हथकंडों को अपना रहे हैं, वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों ने भी प्रचार अभियान की कमान थाम ली है। ये राजनीतिक दल मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए खड़ा अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं और रोड शो का अभियान शुरू कर चुके हैं। स्टार प्रचारकों के मैदान में आने से चुनावी रोमांच शबाब पर पहुंच चुका है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ये स्टार प्रचार अपने उम्मीदवारों के पक्ष में मतदाताओं को करने में कितना कामयाब होंगे।

सीएम भी उतरे चुनावी प्रचार में

बीजेपी के कैडिडेट्स के समर्थन में राज्य के मुखिया मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद मैदान में है। वहीं नगर विकास मंत्री सीपी सिंह भी अपनी पार्टी के कैंडिडेट्स के सपोर्ट में उतर आए है। ताकि लोग उनके पद और लोकप्रियता देखते हुए पार्टी कैंडिडेट्स को समर्थन दे।

सुबोधकांत घूम रहे डोर-टू-डोर

कांग्रेस के कैंडिडेट्स भी जोर-शोर से प्रचार प्रसार में जुटे हुए है। घर-घर जाकर लोगों को अपने पक्ष में वोट करने की अपील भी कर रहे है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी कैंडिडेट के साथ जनसंपर्क कर लोगों का सपोर्ट मांग रहे है।

महुआ माजी पर जेएमएम को भरोसा

वोटर्स को लुभाने के लिए चेहरा भी मायने रखता है। यह देखते हुए ही जेएमएम ने अपनी लोकप्रिय नेता महुआ माजी को फील्ड में उतारा है। सुबह से लेकर रात तक वह प्रचार प्रसार में जुटी है। इसके लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है।