- निगम में कमीशन के खेल पर मचा बवाल

आगरा। विधायक और नगर निगम आयुक्त की टकराहट की गूंज राजधानी तक पहुंच गई है। नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री मामले का संज्ञान ले रहे हैं। उधर आला अधिकारी भी मामले की पल-पल जानकारी मांग रहे हैं। विधायक के विरोधी स्वर से नगर आयुक्त अब परेशान हो चुके हैं।

कार्रवाई भी हो सकती है

नगर निगम में कमीशन के खेल पर विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने सीधे नगर आयुक्त अरुण प्रकाश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधायक गर्ग को अधिकारी से लेकर कई बड़े नेताओं ने मनाने की कोशिश की। लेकिन उनके अडिग निर्णय के बाद अधिकारियों में बेचैनी बढ़ गई है। उधर विधायक की छवि और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी स्तर पर भी मंथन शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि पार्टी और शासन स्तर पर विधायक से बातचीत करके उनकी राय जानने की बात सामने आ रही है। मामले को उचित फोरम में रखकर बात सामने रखने का मामला भी सामने आ रहा है। वहीं विधायक की शिकायत पर नगर आयुक्त अरुण प्रकाश पर कार्रवाई भी हो सकती है।

कमीशन की है चर्चा

नगर निगम में कमीशन का खेल सालों-साल से चल रहा है। विधायक ने 27 प्रतिशत कमीशन का सीधा आरोप लगाया, तो वर्षो के सिस्टम पर नाराजगी जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि कमीशनखोरी बहुत बढ़ गई है। इसे बंद होना चाहिए।