-एसपी देहात ने की शांति बनाएं रखने की अपील

- क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव के चलते पीएसी तैनात

-घायल के पुत्र ने पुलिस को दी अज्ञात के खिलाफ तहरीर

Behsuma : शुक्रवार देर रात गांव मौड़खुर्द में कुछ असमाजिक तत्वों ने मकान की छत से पथराव कर दिया। जिसमें मस्जिद से वापस लौट रहा वृद्ध गंभीर घायल हो गया। मामला दो संप्रदाय का होने के कारण दोनों ओर के लोग आमने सामने आ गए। सूचना पर पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची।

असमाजिक तत्वों ने किया पथराव

ग्राम मौड़खुर्द निवासी सहीदुदीन पुत्र इमामुदीन शुक्रवार देर रात्रि मस्जिद से निकलकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव की चौपाल के समीप पहुंचा तभी असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। जिसमें सहीदुदीन सिर में चोट लगने गंभीर घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में घटना गांव में आग की तरह फैल गई और दोनों संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए। जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर एसओ दिनेश कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और दोनों संप्रदाय के लोगों को शांत किया।

अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

शनिवार को घायल सहीदूदीन के पुत्र आजम ने थाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ पथराव करने की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ मवाना डीपी सिंह ने गांव पहुंच कर दोनों संप्रदाय के लोगों की प्रधान देवेन्द्र सिंह के आवास पर बैठक कर गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की। बैठक में मुख्य रूप से देवेन्द्र सिंह, लोकेश सिरोही, हरेन्द्र सिंह, विजन पाल मलिक, शैलेन्द्र चौधरी, प्रधान मुन्नालाल, अरशद अली, लियाकत अली, मकसूद अली, मेहरईलाही, कयूम रहे।