- ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर चक्काजाम
- 7 सूत्रीय मांगों को लेकर ट्रक ऑपरेटर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल आगे भी रहेगी जारी
>DEHRADUN: दून में आज समूचे पब्लिक ट्रांसपोर्ट के पहिए सुबह से लेकर शाम तक जाम रहेंगे। ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर दून ट्रक ऑपरेटर्स संघ के अलावा स्कूल वैन, टाटा मैजिक, विक्रम, ऑटो व महानगर सिटी बस यूनियन ने भी एक दिन की हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया है। माना जा रहा हड़ताल के कारण आम लोगों को खासी दिक्कत होने की संभावना है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल वैन पर निर्भर रहने वाले पैरेंट्स को उठानी पड़ सकती है। इसके लिए स्कूल वैन संचालकों ने पैरेंट्स को अपने बच्चों को स्कूल तक भेजने के इंतजाम करने का मैसेज तक भेजा।
हर यूनियन हड़ताल में शामिल
सरकार की नीतियों के विरोध में ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने हड़ताल का आह्वान किया है। इसके बाद समूचे राज्य के पब्लिक ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने भी हड़ताल का समर्थन करने का ऐलान किया है। उत्तराखंड परिवहन महासंघ पहले ही हड़ताल की घोषणा कर चुका है। जबकि अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर देहरादून ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन की ओर से चक्काजाम की घोषणा की गई है। थर्सडे को ट्रक एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। ट्रांसपोर्टनगर में एसोसिएशन की बैठक में निर्णय लिया गया कि फ्राइडे को सभी ट्रांसपोटर्स के साथ विक्रम, ऑटो, टाटा मैजिक, महानगर सिटी बस यूनियन व स्कूल वैन यूनियन भी हड़ताल के समर्थन में रहेंगे। ट्रक यूनियन के अनुसार सुबह छह बजे से चक्का जाम शुरू हो जाएगा।
::यह हैं सात सू˜ाीय मांगे::
- डीजल की कीमतें कम की जाएं।
- राष्ट्रीय स्तर पर समान मूल्य निर्धारण और डीजल की कीमतों में त्रैमासिक संशोधन हो।
- टोल बैरियर मुक्त भारत हो व तृतीय पक्ष बीमा प्रीमियम की सुविधा मिले।
- ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर टीडीएस समाप्त हो, ई-वे बिल से नियमों में हो संशोधन।
- बसों व पर्यटन वाहनों के लिए नेशनल परमिट सुविधा हो।
- डायरेक्ट पोर्ट डिलीवरी योजना समाप्त होने के साथ पोर्ट कंजेशन खत्म हो।
- रोड सेफ्टी बिल में भी संशोधन किया जाए।
मैडम कल बच्चे को स्कूल भेजने की व्यवस्था खुद कर लेना
फ्राइडे को चक्काजाम की वजह से स्कूल वैन नहीं आएगी तो मैडम आप अपने बच्चे को स्कूल भेजने की व्यवस्था खुद कर लेना। एक दिन पहले ही स्कूल वैन संचालकों ने इस बावत हर पैरेंट्स को इसका मैसेज पहुंचा दिया है। ऐसे में अब स्कूल वैन पर निर्भर पैरेंट्स खासे परेशान हैं। दून यूनिवर्सिटी रोड निवासी पूनम जोशी ने बताया कि बेटी नव्या के स्कूल की वैन नहीं आएगी। ऐसे में वह अपनी बेटी की स्कूल की छुट्टी करवाने का मन बना रही हैं। टीएचडीसी कॉलोनी निवासी छवि डिमरी भी स्कूल वैन की उपलब्धता न होने पर बेटी स्तुति की छुट्टी करवाने का मन बना चुकी हैं।
पुलिस की रहेगी नजर
कुछ परिवहन व्यवसायी फ्राइडे को हड़ताल में शामिल न होकर वाहन संचालन करना चाहते हैं, उन्हें पुलिस की ओर से सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। इस संबंध में परिवहन आयुक्त डी। सेंथिल पांडियन ने डीजीपी को पत्र भेजा है। कहा है कि चक्काजाम की वजह से आम जनता को आवागमन में असुविधा हो सकती है। इसके साथ ही आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। ऐसे में पुलिस की ओर से उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराए जाए।
::सिटी बस यूनियन की मांग:::
- हर साल इंश्योरेंस में वृद्धि।
- गैराज में खड़े वाहनों पर 50 रुपए रोजाना पैनल्टी।
- छह वर्षो से सिटी बसों के किराए में वृद्धि न होना।
- डीजल की दरों में लगातार वृद्धि होना।
जब तक पूर्ण रूप से निष्कर्ष नहीं निकल जाता है, अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल का तमाम ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने समर्थन किया है। आज इसका असर भी दिखेगा।
- अशोक ग्रोवर, महामंत्री, ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन।
महानगर सिटी बस यूनियन भी एक दिन की हड़ताल में शामिल है। हर वर्ष इंश्योरेंस में वृद्धि, ओवरलोडिंग पर केस दर्ज होने जैसे कई कारण हैं। जिसके लिए यूनियन हड़ताल पर जाने को मजबूर है।
- विजय वर्धन डंडरियाल, अध्यक्ष, महानगर सिटी बस यूनियन।
समाचार पत्रों से जरिए मालूम हुआ है कि ट्रक ऑपरेटर्स व पब्लिक ट्रांसपोर्टर हड़ताल व चक्काजाम पर रहेंगे। जो परिवहन व्यवसायी वाहन संचालन करना चाहते हैं। पुलिस उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएगी।
- डी। सेंथिल पांडियन, आयुक्त व सचिव परिवहन।