RANCHI : राजधानी रांची में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह आसमान साफ था, लेकिन दोपहर बाद घने काले बादल छा गए। दिन में ही अंधेरा गया। आंधी के साथ बिजली कड़कने लगी। देखते ही देखते आंधी-पानी शुरू हो गई। 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही तेज हवा से कई इलाकों में कई पेड़ उखाड़ दिए तो कई होर्डिग भी फट गई। मौसम के इस यू टर्न ने भले ही लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में यह आफत भी साबित हुई।

ठहर गया शहर

बारिश के साथ-साथ वज्रपात के कारण भी लोग सहम गए। आंधी के बाद बिजली के कड़कने का दौर शुरू हुआ। लगातार हो रहे वज्रपात से शहर सहम गया। लोगों ने गाडि़यां सड़क पर ही खड़ी कर दी। बाइक चालक दौड़कर दुकानों की ओर बढे़। आसमान में छाई धूल और हवा की रफ्तार से लोग पहले से ही डरे हुए थे। आंधी-तूफान के बाद दुकानें बंद होने लगीं। हवा की रफ्तार अधिक होने की वजह से खरीदारी को पहुंचे लोग सुरक्षित ठिकाना तलाशते रहे।

गर्मी व उमस से मिली राहत

करीब दो घंटे तक हुई बारिश ने गर्मी और उमस से परेशान रहे शहरवासियों को राहत दी। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने सोमवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान जताया।

ट्रैफिक पर भी दिखा असर

-जगन्नाथपुर इलाके में एक युवक की मौत

-गोस्सनर कॉलेज के पास पेड़ गिरने केटै्रफिक जाम

- लालपुर में प्लाजा चौक के समीप भी पेड़ गिर गया।

-रातू, सिल्ली, ओरमांझी में भी पेड गिरे।

- विभिन्न इलाकों में विज्ञापन बोर्ड भी गिर गए।

-मेन रोड में एक व्यक्ति बाल-बाल बचा।

4.2 एमएम बारिश हुई रिकॉर्ड

राजधानी में पिछले कुछ दिनों से गर्मी का असर देखने को मिल रहा था। दिन में राजधानी का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था। गर्मी और उमस से शहरवासी परेशान हो रहे थे। रविवार को 20 मिनट से अधिक समय तक तेज बारिश हुई। शाम पांच बजे तक 4.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के बाद 15 डिग्री गिरा पारा

कई दिनों से तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी। राजधानी रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में 15 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। शाम छह बजे अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया।