सीएमपी में मिले आठ दागी प्रत्याशी, पर्चा खारिज, एक ने मैदान छोड़ा

किसी ने जाली फीस रसीद तो किसी ने लगाया हाईस्कूल का फर्जी प्रमाण पत्र

इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में नहीं हुआ एक भी पर्चा खारिज

ALLAHABAD: किसी ने कक्षा में प्रवेश की जाली फीस रसीद और परिचय पत्र लगाया तो किसी ने जन्म तिथि के लिए हाईस्कूल का फर्जी प्रमाण पत्र दे दिया। यह कहानी सामने आई सीएमपी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में। यहां छात्र नेताओं पर चुनाव लड़ने का ऐसा भूत सवार था कि वे फर्जीवाड़ा पर उतर आए। मामला पकड़ में आने के बाद सभी का नामांकन निरस्त कर दिया गया। इस दौरान एक महिला प्रत्यशी ने खुद ही मैदान से हटते हुए अपना नाम वापस ले लिया। इस बीच ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज और इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में सभी प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए।

चुनाव के नए समीकरण बने

सीएमपी डिग्री कॉलेज ने 30 सितम्बर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव से पहले आठ प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त कर दिया है। इससे यहां चुनाव में नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। यहां अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी, उपाध्यक्ष और महामंत्री पद के दो-दो प्रत्याशी और संयुक्त मंत्री पद के तीन प्रत्याशियों का नामांकन खारिज किया गया है। उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाली बीए प्रथम वर्ष की श्वेता सोनकर पुत्री अनिल सोनकर ने नाम वापस ले लिया है। अब कॉलेज में अध्यक्ष पद पर 16 प्रत्याशी, उपाध्यक्ष पद 08, महामंत्री 09 और संयुक्त मंत्री पद पर 05 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।

27 को होगी प्रत्याशियों की बैठक

सीएमपी की चुनाव अधिकारी डॉ। मीना राय ने बताया कि वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। 27 सितम्बर को मुख्य शाखा के कक्ष संख्या नौ में सभी वैध प्रत्याशियों के साथ सायंकाल तीन बजे बैठक बुलाई गई है। इन्हें अपने साथ वैध परिचय पत्र एवं शुल्क रसीद लानी होगी।

किसी ने नाम वापस नहीं लिया

इलाहाबाद डिग्री कॉलेज एवं ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में सभी प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। यहां किसी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है और न ही किसी का पर्चा खारिज हुआ है। एडीसी में किसी प्रत्याशी के नाम पर कोई आपत्ति भी नहीं आई थी। एडीसी में सभी प्रमुख पांच पदों पर 29 एवं ईश्वर शरण में 22 वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है।

सीएमपी में रद्द हुए नामांकन

अध्यक्ष

विक्रांत यादव पुत्र जगन्नाथ यादव बीए प्रथम वर्ष : जन्म तिथि से संबंधित हाईस्कूल प्रमाण पत्र में हेरफेर। 22 वर्ष से अधिक आयु होने के कारण नामांकन निरस्त।

उपाध्यक्ष

प्रवीण कुमार पुत्र मुकेश कुमार बीकाम प्रथम वर्ष : प्रवेश की रसीद जाली पाई गई।

पवन कुमार पटेल पुत्र रजनीश कुमार पटेल बीएएससी प्रथम वर्ष : प्रवेश की रसीद जाली पाई गई।

महामंत्री-

सुजीत कुमार मिश्रा पुत्र सुभाष चन्द्र मिश्रा बीए प्रथम वर्ष : वार्षिक परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया था।

राजेन्द्र कुमार पुत्र खन्ना लाल : वार्षिक परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग करते पकड़ा गया था।

संयुक्त मंत्री

अर्जुन सोनकर पुत्र विनोद सोनकर बीए प्रथम वर्ष : वार्षिक परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग करते पकड़ा गया था।

अर्जुन सिंह पुत्र तेज बली सिंह बीएससी प्रथम वर्ष : प्रवेश रसीद एवं परिचय पत्र जाली पाया गया।

अंकुर गुप्ता पुत्र बसन्त लाल बीए द्वितीय वर्ष : जन्मतिथि से संबंधित हाईस्कूल प्रमाण पत्र गलत पाया गया। उम्र 22 वर्ष से अधिक होने के कारण नामांकन निरस्त