स्कूल संचालक के अनुसार छात्रा ने घर पर लगाई फांसी

आगरा। थाना न्यू आगरा के तेजनगर (कमला नगर के पीछे) में छात्रा की मौत पर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप था कि स्कूल में छात्रा को पीटा गया। इससे उसकी मौत हुई। परिजनों ने स्कूल में तोड़फोड़ की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, स्कूल संचालक का कहना था छात्रा की पड़ोस में रहने वाली लड़की से मारपीट हुई। इससे उसने घर में जाकर फांसी लगा ली।

स्कूल में मारपीट से हुई मौत

परिजनों के अनुसार कमला नगर के पीछे स्थित तेज नगर निवासी नेहा पुत्री हीरालाल क्षेत्र के ही टीसी चंद्रा स्कूल में इंटरमीडिएट की स्टूडेंट है। परिजनों के अनुसार मंगलवार को वह स्कूल गई। छात्रा के साथ स्कूल में मारपीट की गई। कुछ देर बाद छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि चर्चा ये भी थी कि छात्रा की मौत घर पर आकर फांसी लगाने से हुई।

स्कूल में तोड़फोड़

इधर, छात्रा की मौत की खबर मिलते ही मौके पर बड़ी तादाद में क्षेत्रीय लोग जुट गए। स्कूल में शव रखकर प्रबंधन के खिलाफ हंगामा करने लगे। आरोप ये लगाया कि छात्रा की मौत घर पर नहीं हुई है बल्कि उसकी मौत स्कूल में हुई है। लिहाजा गुस्साए लोगों ने स्कूल में तोड़फोड़ कर दी।

क्षेत्र में बनी अफरातफरी

परिजन शव उठाने नहीं दे रहे थे। उनकी डिमांड थी कि आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। भीड़ को खदेड़ने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को लाठियां फटकारनी पड़ीं। इससे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस और क्षेत्रीय नागरिक के अलावा बल्केश्वर एरिया की पार्षद कुंदनिका शर्मा आदि के समझाने के बाद ही परिजन माने।

घर पर लगाई फांसी : संचालक

स्कूल संचालक करतार सिंह शास्त्री ने बताया कि मंगलवार को स्कूल में कंप्यटूर का एग्जाम था। छात्रा भी पेपर देने आई थी। सुबह दस बजे पेपर खत्म हो गया। स्कूल की छुट्टी हो गई। स्टूडेंट्स घर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि तभी नेहा दौड़ते हुए स्कूल लौटी। गेट पर मौजूद मैडम को बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली लड़की उससे मारपीट कर रही है। तभी मारपीट करने वाली लड़की भी वहां पहुंच गई। मैडम ने दोनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया। स्कूल संचालक के अनुसार छात्रा ने घर पर जाकर फांसी लगा ली। परिजन पूर्वाह्न 11 बजे छात्रा के शव को लेकर स्कूल पहुंचे। आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्टाफ के साथ मारपीट की।