डीडीयू कैंपस में फायरिंग से छात्रों में फैली सनसनी

सुरक्षा कर्मचारियों ने घेरा, गेट खोलकर भागे मनबढ़

GORAKHPUR: यूनिवर्सिटी कैंपस में दो राउंड फायरिंग से हड़कंप मचा रहा। घटना सोमवार दोपहर करीब तीन बजकर 20 मिनट पर हुई। फायरिंग के बाद सक्रिय हुए सुरक्षा कर्मचारियों ने बाइक सवार युवकों की घेराबंदी की। लेकिन वह अपने साथियों की मदद से मेन गेट खुलवाकर भाग निकले। चीफ प्रॉक्टर ने पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बदमाशों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कैंट पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। हालांकि कुछ लोगों ने बुलेट साइलेंसर से फायरिंग की आवाज निकालने का मामला बताया। सिक्योरिटी इंचार्ज बहादुर उपाध्याय ने दो राउंड फायरिंग की बात की।

दोपहर में हुई घटना, हलकान रही पुलिस

यूनिवर्सिटी कैंपस में भारतीय संविधान दिवस पर दीक्षा भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब तीन बजे प्रोग्राम खत्म होने के बाद आयोजन में शामिल स्टूडेंट्स के साथ अन्य लोग बाहर निकल रहे थे। सड़कों पर छात्र-छात्राओं की भीड़ जमा हुई थी। तभी बाइक सवार युवक मनोविज्ञान विभाग की तरफ से क्रीड़ा परिषद भवन के पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठा युवक ने तमंचा निकालकर गोलियां दाग दी। दो राउंड गोली चलने से भगदड़ मच गई। सिक्योरिटी में लगे पूर्व सैनिकों ने गेट बंद करके पुलिस को सूचना दी।

सुरक्षा कर्मचारियों ने घेरा, गेट खुलवाकर भागे मनबढ़

पुलिस के मौके पर पहुंचने के पहले बाइक सवार 15-20 छात्रों ने जबरन मेन गेट खुलवा लिया। वह तेजी से यूनिवर्सिटी कैंपस से भाग निकले। घटना की सूचना पर यूनिवर्सिटी चौकी प्रभारी बद्दरुदीन, चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर गोपाल प्रसाद और सुरक्षा कर्मचारी पहुंच गए। जांच पड़ताल के दौरान सामने फायरिंग को लेकर कंफ्यूजन नजर आया। सिक्योरिटी इंचार्ज ने पुलिस को बताया कि गोली चली है। लेकिन कुछ लोग इसे साइलेंसर की आवाज बताकर पुलिस को गुमराह करते रहे।

वर्जन

फायरिंग की सूचना पर पुलिस आई थी। इस मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है। कुछ अराजकतत्व कैंपस में घुस गए थे। उनका पता लगा जा रहा है। फायरिंग की पुष्टि नहीं हो पा रही है।

गोपाल प्रसाद, चीफ प्रॉक्टर, डीडीयू यूनिवर्सिटी गोरखपुर

यूनिवर्सिटी में गोली चलने की सूचना पर पुलिस को भेजा गया था। कैंटीन में लगे सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि बुलेट की बाइक में साइलेंसर के जरिए आवाज निकालकर दहशत फैलाई गई। अराजक तत्वों की तलाश कराई जा रही है।

विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी