- कैंट एरिया के चंपादेवी पार्क की घटना, मनबढ़ों ने एक युवक को मारी गोली

- बाइक से आए थे मनबढ़ युवक, कई राउंड फायरिंग से दहशत

GORAKHPUR: कैंट एरिया स्थित चंपादेवी पार्क में बुधवार को लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। अचानक बाइक से पहुंचे कुछ मनबढ़ों ने क्रिकेट खेल रहे एक युवक पर धावा बोल दिया। उसकी पिटाई करने लगे। कुछ साथियों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो तमंचा निकाल फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार राउंड गोली चलने से दहशत फैल गई। इसमें एक युवक के हाथ में गोली लग गई। मनबढ़ों ने तमंचे के बट से उसके सिर पर भी प्रहार किया। घटना की सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई लेकिन मनबढ़ फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में एडमिट करवाया। डॉक्टर ने गंभीर हाल देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस मनबढ़ युवकों की तलाश में लगी है।

चार राउंड फायरिंग से दहशत

कोतवाली एरिया के माया बाजार के रहने वाले राकेश कुमार गुप्ता का बेटा विवेक कुमार गुप्ता बीकॉम थर्ड ईयर का स्टूडेंट है। बुधवार की दोपहर वह अपने कुछ साथियों के साथ कैंट एरिया के चंपादेवी पार्क में क्रिकेट खेल रहा था। इसी बीच चार बाइक से आठ युवकों ने विवेक के साथ क्रिकेट खेल रहे अलहदादपुर के आदित्य मिश्रा को बुलाकर बिना कुछ कहे उसकी पिटाई शुरू कर दी। विवेक बीच बचाव करने पहुंचा। मनबढ़ों ने तमंचा निकालकर चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली विवेक के बाएं हाथ में लग गई। मनबढ़ों ने तमंचे के बट से विवेक के सिर पर भी कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद मनबढ़ मौके से फरार हो गए। इसी बीच किसी ने इसकी जानकारी 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर पुलिस ने पांच से छह युवकों की पहचान कर ली है। पुलिस उनके घर पर दबिश दे रही है मगर वह सभी फरार हैं।

वर्जन

जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची थी। फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान हो गई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

- अभय कुमार मिश्रा, सीओ कैंट