-छात्रनेता अच्युतानंद की देर रात गोली मारकर हत्या

-पीसीबी हॉस्टल में सीएमपी छात्रसंघ अध्यक्ष समेत तीन पर हत्या का आरोप

-पूर्व महामंत्री निर्भय द्विवेदी की बर्थडे पार्टी में समर्थकों संग पहुंचा था छात्रनेता

PRAYAGRAJ: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के करीब स्थित पीसीबी हॉस्टल के पीछे एनेक्सी में बुधवार की देर रात छात्रनेता अच्युतानंद शुक्ला उर्फ सुमित (29) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हॉस्टल में छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री निर्भय द्विवेदी की बर्थडे पार्टी थी। निमंत्रण पर पहुंचे अच्युतानंद ने देर रात फोन कर सीएमपी छात्रसंघ अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी को पार्टी में बुलाया। सभी पार्टी के जश्न में मशगूल थे। इस बीच किसी छात्र ने आशुतोष की कुछ शिकायत अच्युतानंद से की। शिकायत पर अच्युतानंद ने आशुतोष को फटकार लगा दी। फटकार सुनने के बाद आशुतोष पानी पीने अच्युतानंद के पीछे गया और पिस्टल से गोली मार दी। मामले में आशुतोष त्रिपाठी समेत तीन छात्र नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि आशुतोष शुक्ला अच्युतानंद का काफी करीबी था। ऐसे में घटना और आरोप को लेकर लोग अचंभित हैं।

25 हजार का इनामी था सुमित

छात्र नेता अच्युतानंद शुक्ला अच्युतानंद पीसी बनर्जी हॉस्टल में रहता था। वह गोंडा जनपद के थाना हटियाथोक एरिया स्थित बस्तीरानीपुर गांव निवासी था। पिता जगदीश प्रसाद गोंडा स्थित जनता इंटर कॉलेज में फिजिक्स के टीचर हैं। अच्युतानंद इविवि छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद हार गया था। उस पर एक दर्जन के करीब मुकदमे थे। छात्रसंघ चुनाव के दौरान इविवि में बमबाजी और बवाल के बाद अच्युतानंद पर एसएसपी नितिन तिवारी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस तरह हुई घटना

-छात्रनेता निर्भय द्विवेदी के जन्मदिन की पार्टी हॉस्टल में बुधवार की रात थी।

-अच्युतानंद भी समर्थकों के साथ पार्टी में पहुंचा था। पार्टी में सीएमपी छात्रसंघ अध्यक्ष आशुतोष शामिल नहीं हुआ था।

-रात करीब डेढ़ बजे अच्युतानंद ने फोन कर आशुतोष को हॉस्टल बुलाया।

-अपने दो साथियों संग पहुंचा आशुतोष अच्युतानंद से बातचीत करने लगा, इस बीच किसी छात्र ने आशुतोष की शिकायत अच्युतानंद से की।

-शिकायत पर अच्युतानंद ने सीनियर व मददगार के नाते आशुतोष को डांटते हुए कहा कि अपने साथी हरिकेश मिश्र को समझाओ कि आलोक चौबे से न भिड़े।

-इसके बाद आशुतोष ने पैर छूकर अच्युतानंद से कहा, भैया मैं चलता हूं और पानी पीने के लिए कुर्सी के पीछे जाकर बोतल उठाई।

-पीछे जाने के बाद आशुतोष ने पिस्टल निकालकर कुर्सी पर बैठे अच्युतानंद को गोली मार दी। पीछे से गर्दन के पास लगी एक गोली सीने जाकर फंस गई।

-आशुतोष ने दोबारा फायर किया पर गोली पिस्टल में ही फंस गई, तब तक अन्य लोग दौड़ पड़े, लेकिन आशुतोष और उसके साथी भाग चुके थे।

-घायल छात्रनेता को राज नर्सिगहोम के डॉक्टरों द्वारा हाथ खड़ा करने के बाद एसआरएन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

-मामले के प्रत्यक्षदर्शी छात्र गोंडा जिले के के गिरधरपुर थाना तरवरपुर निवासी अभिमन्यु शुक्ला ने कर्नलगंज थाने में तीन के खिलाफ तहरीर दी।

-उसकी तहरीर पर पुलिस ने आशुतोष त्रिपाठी, हरिकेश मिश्र और सौरभ सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया।

-अभिमन्यु शुक्ला यहां रामजानकी मंदिर तुलिसियानी प्रेस के पास किराए के कमरे में पर रहता है, अच्युतानंद व अभिमन्यु रिश्ते में भाई थे।

पीसीबी हॉस्टल में देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात अच्युतानंद ने ही आशुतोष को बुलाया था। दोनों में कुछ बात हुई। इसके बाद आशुतोष पैर छूकर जाने लगा और पीछे पहुंच गोली मार दी। सीएमपी छात्रसंघ अध्यक्ष आशुतोष भी अच्युतानंद का करीबी था। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की सच्चाई सामने आएगी।

-नितिन तिवारी, एसएसपी