KANPUR :

नौबस्ता में बुधवार को नवीं की छात्रा ने फेल होने पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। वो घर पर अकेली थी। वो आग की जलन से शोर मचाते हुए इधर-उधर दौड़ने लगी। पड़ोसी समेत इलाकाई लोग भागकर मौके पर पहुंचे, लेकिन गेट लॉक होने से वे कोई मदद नहीं कर पाए। उनके गेट खोलने के पहले उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन घर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया।

यशोदानगर में रहने वाला आदर्श सिंह लोडर चलाता है। उसकी शंकराचार्य नगर निवासी रमेश सिंह की बेटी सन्नो से शादी हुई है। उनके एक बेटी अवंतिका थी। अवंतिका ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वो मदर टेरेसा स्कूल में क्लास 9वीं की छात्रा थी। कुछ दिनों पहले उसका रिजल्ट आया था। वो मैथ सब्जेक्ट में फेल हो गई थी। जिससे वो तनाव में थी। परिजनों ने प्रिंसिपल से बात कर उसका रि-टेस्ट करवाया, लेकिन उसमें भी वो फेल हो गई। जिससे उसकी मानसिक स्थिति और खराब हो गई। बुधवार को रमेश पत्नी के साथ बाजार गए थे। घर पर अवंतिका अकेली थी। उसने गेट को लॉक कर केरोसिन डालकर आग लगा ली। शोर सुनकर इलाकाई लोग किसी तरह गेट तोड़कर अन्दर गए, तो पता चला कि वो बेसमेंट में है। इसके बाद लोगों ने बेसमेंट का गेट तोड़कर अन्दर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एसओ राजेदव प्रजापति का कहना है कि प्रथम दृष्टया छात्रा के फेल होने पर सुसाइड करने का मामला सामने आया है।