-पहले भी कई बार कर चुकी है फरियाद, इंसाफ नहीं मिलने से फूटा गुस्सा

-मुकदमा वापसी का दबाव बनाने का आरोप, सीआईडी की जांच से भी नाराजगी

RANCHI: मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित मंत्री राज पालीवाल के जनता दरबार में बुधवार को धनबाद की एक महिला ने सुसाइड की कोशिश की। इसने भाजपा नेता विनय कुमार सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। महिला इससे पहले भी कई बार जनता दरबार में आ चुकी है, लेकिन नेता पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं होता देख बुधवार को उसने गुस्से में आकर सुसाइड अटेंप्ट किया। महिला ने उस भाजपा नेता के खिलाफ धनबाद के कतरास थाने में मामला भी दर्ज करवाया है।

पुलिस ने लिया हिरासत में

महिला ने जनता दरबार में ही अपने किसी परिचित से पेट्रोल और माचिस मंगवा लिया। इसके बाद जैसे ही वह सुसाइड करने के लिए कमरे से बाहर निकली, मौके पर तैनात गोंदा थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला को अभी हिरासत में ले लिया गया है।

यह है मामला

महिला ने बताया कि भाजपा नेता ने उसका 3 साल तक यौन शोषण किया है। जब उसकी शादी हो गई तब पति को बता दिया कि उसके बदन पर कहां क्या-क्या निशान हैं। इससे नाराज होकर पति ने उसे तलाक दे दिया। महिला राज्य सरकार से लगातार इंसाफ की मांग कर रही थी। लेकिन, अब तक इंसाफ नहीं मिलने से वह नाराज थी। पीडि़ता ने बताया कि भाजपा नेता उस पर यौन शोषण का मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। सीआईडी इस मामले में कुछ नहीं कर रही है। बल्कि उस पर मुकदमा वापसी के लिए दबाव बनाने के साथ हमले भी किए जा रहे हैं। आरोपी विनय कुमार सिंह भाजपा के कतरास मंडल अध्यक्ष हैं। 26 मार्च 2015 को उनके खिलाफ कतरास थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

सीआईडी कर रही है जांच

सरकार ने इस मामले की जांच सीआईडी को सौंपी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ही इससे संबंधित आदेश दिए थे। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद ही 22 सितंबर 2015 को होम डिपार्टमेंट ने डीजीपी को सीआईडी जांच के लिए लेटर भेजा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।