-अतरसुइया की रहने वाली महिला ने खाया अज्ञात पदार्थ

-बेहोश होने पर लोगों ने पहुंचाया एसआरएन हॉस्पिटल

ALLAHABAD: अतरसुइया की रहने वाली एक महिला ने बुधवार शाम डीएम आवास के नजदीक संगम सभागार में अज्ञात पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। घटना उस समय हुई जब प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मीटिंग खत्म कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान महिला ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर इंसाफ दिलाने की मांग की। डीएम ने प्रार्थना पत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और निकल गए। लेकिन इसके बावजूद नाखुश पीडि़ता ने तत्काल अज्ञात पदार्थ खाकर खुदकुशी का प्रयास किया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। आनन-फानन में महिला को एसआरएन हॉस्पिटल इलाज के लिए भिजवाया गया।

कई दिनों से काट रही पुलिस के चक्कर

महिला पुष्पा पांडेय गुरुवार शाम सात बजे संगम सभागार अपनी सास के साथ पहुंची थी। सास ने बताया कि पुष्पा के पति अरुण पांडेय एक इंश्योरेंस कंपनी में मैनेजर थे। इसी कंपनी के कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से पुलिस की मिलीभगत से पति व पत्नी के खिलाफ मुकदमा कायम करवा दिया। पुष्पा एक सोशल वर्कर हैं और एक बलात्कार पीडि़त युवती की वह सहायता कर रही थीं। इसके चलते पति और पत्‍‌नी को उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। इंसाफ की आस में कई बार पुष्पा पांडेय ने पुलिस के अधिकारियों के पास अर्जी दी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने जन शिकायत में भी अपनी अर्जी दी थी।

अवसाद में आकर उठाया कदम

पुष्पा की सास का कहना है कि लंबे समय से इंसाफ की आस में पुष्पा अवसाद ग्रस्त हो गई थी। उसे ब्रेन ट्यूमर की शिकायत भी हो गई। गुरुवार की रात वह बड़ी उम्मीद से संगम सभागार पहुंची थी। यहां प्रशासन और पुलिस के आलाधिकारी भी मौजूद थे। उसने डीएम सुहास एलवाई से मुलाकात भी की। डीएम ने प्रार्थना पत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और अपने आवास चले गए। जबकि पुष्पा को इससे ज्यादा की उम्मीद थी। अचानक उसने अपने हाथ में लिया कोई पदार्थ में खा लिया और वही गिर गई। तत्काल वहां उपस्थित कर्मचारियों ने उसे 108 नंबर एंबुलेंस से एसआरएन हॉस्पिटल भेजा। परिजनों की माने तो पुष्पा ने संभवत: नींद की कई गोलियां एक साथ खा ली थीं।