- युवक ने घर के पीछे खड़े पेड़ पर पत्नी के दुपट्टे से लगा लिया फंदा

-पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

BAREILLY :

भुता थाना क्षेत्र के खजुरिया सम्पत निवासी पप्पू लाल ने वेडनसडे रात को फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह को जब परिजनों ने शव पेड़ लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि पप्पू की पत्नी मायके से नहीं आ रही थी। जिसके चलते वह परेशान था और उसने फंदा लगा लिया। वहीं मृतक की पत्नी ने उसके भाइयों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

खजुरिया सम्पत गांव निवासी पप्पू लाल 26 वर्ष की शादी नगीरामपुर निवासी सीमा देवी के साथ सात वर्ष पूर्व हुई थी। परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसके साथ ही पप्पू शराब पीने का भी आदी हो गया। पांच वर्ष पहले सीमा झगड़ा करने के बाद दोनों बेटियों को लेकर मायके चली गई उसके बाद से पप्पू अकेला रहता था। रात को पप्पू ने देर रात शराब पी और मकान के पीछे खड़े पेड़ पर पत्नी के दुपट्टे से फंदा लगा लिया। सूचना मिलते ही सीमा ससुराल पहुंची और जेठ अजयपाल व देवर महिपाल पर हत्या का आरोप लगाया। पप्पू तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का था। सीमा का आरोप है कि दोनों भाइयों से बंटवारे को लेकर विवाद था इसी के लिए हत्या की गई है।