- घरेलू कलह तो कहीं अन्य कारणों से जिंदगी से कर रहे तौबा

- रविवार को दो लोगों ने की आत्महत्या, तीसरी युवती की हालत गंभीर

छोटी-छोटी दुश्वारियों से लोगों के जिंदगी से मुंह मोड़ने की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। रविवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में विवाहिता और वृद्ध की मौत हो गई जबकि ककरमत्ता पुल से छलांग लगाने वाली युवती जिंदगी और मौत से जूझ रही है। घटनाओं के कारण पारिवारिक विवाद या विभिन्न कारणों से उपजा मानसिक तनाव है।

1. पति से विवाद के बाद लगा ली फांसी

लंका के भोगाबीर स्थित अहिल्याबाई नगर कॉलोनी में रिंकी सिंह नामक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। रात में महिला का पति से झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में सोने चली गई। सुबह देर तक नहीं उठी तो पति को शंका हुई। वह ऊपर के कमरे में पहुंचे तो देखा कि रिंकी ने दुपट्टे से बाथरूम में फांसी लगा ली थी। गोरखपुर में कंपनी चलाने वाले पति विवेक प्रताप सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

विवेक प्रताप और रिंकी की शादी 17 साल पहले हुई थी। उनकी 14 साल की बेटी हर्षिता और 12 साल का बेटा हर्षित हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर लंका संजीव मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

2. अज्ञात वृद्ध ने लगाई गंगा में छलांग

राजघाट पुल से रविवार की दोपहर 62 वर्षीय अज्ञात वृद्ध ने गंगा में छलांग लगाकर जान दे दी। पुल के नीचे मछली मार रहे नाविकों ने बड़ी मशक्कत के बाद उसके शव को तलाश कर पानी से बाहर निकाला। काफी देर तक कोशिश के बाद भी वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो सकी। स्थानीय नाविकों ने बताया कि वृद्ध काफी दुबला-पतला था। देखने से ऐसा लग रहा था कि वह काफी दिनों से बीमार है। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाया है। उसकी शिनाख्त की कोशिश जारी है।

3. ककरमत्ता पुल से कूदी युवती

ककरमत्ता पुल से रविवार की दोपहर एक युवती ने छलांग लगा दी। शरीर का कुछ हिस्सा बालू पर गिरने से उसकी जान तो बच गई मगर हालत गंभीर बनी हुई है। मौके से गुजर रहे एक समाचार पत्र के फोटो पत्रकार जावेद अली ने एक राहगीर की मदद से घायल युवती को तत्काल नजदीक के निजी अस्पताल में पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती फोन पर बात करती हुई पुल पर टहल रही थी। अचानक ही उसने फोन काटा और पुल की रेलिंग पर चढ़कर छलांग लगा दी। लगभग 80 फुट ऊंचाई से नीचे गिरने पर उसके हाथ-पैर, पीठ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। लगभग 24 वर्षीय इस युवती की पहचान कमच्छा निवासिनी स्नेहा सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया मगर परिवार वाले घटना के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता सके। इधर, अस्पताल में भर्ती युवती की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले 24 घंटे उसके लिए महत्वपूर्ण हैं।