RANCHI: जल आपूर्ति विभाग की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। बूटी रोड के गुमला पेट्रोल पंप के पीछे स्थित एकतानगर में पानी की पाइपलाइन तीन माह से फटी हुई है। पानी बहने से इलाके में सड़कें कीचड़ से सन्न गई हैं, लेकिन फटी पाइपों को ठीक नहीं किया जा रहा है। इससे न केवल सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हुआ है, बल्कि लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। आम तौर पर इलाके में फोरलेन सड़क की कार्य प्रगति की बात पर पाइप लाइन को काट दिया जाता है। इस वजह से पाइपलाइन जगह-जगह से टूट रही है। पानी नलों के बजाय सड़क पर बहने लगा है। इस लापरवाही की वजह से स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में यहां दिक्कत हो रही है।

सूचना देने के बाद भी मरम्मत नहीं

एकता नगर में सड़क के बीचोबीच कई महीने से मेन राइजिंग पाइप फटी हुई है। इस कारण पानी सड़क पर बह रहा है। इससे सड़क की हालत भी बिगड़ गई है। वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, लोगों ने विभागीय कर्मचारियों को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन कर्मचारी मौके पर नहीं आ रहे हैं।

क्या कहते हैं लोग

पाइप फटी हुई है। पिछले चार महीने से यहां ऐसे ही हालात हैं। हर रोज हजारों लीटर पानी व्यर्थ में बह रहा है, लेकिन विभाग कोई सुध नहीं ले रहा।

पायल सोनी

एक ओर से सड़कों पर सप्लाई पानी बहकर नालों में जा रहा है। दूसरी ओर लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

फूलो देवी

इस एरिया में बहुत सारे लोग रहते हैं। यहां की आबादी काफी ज्यादा है। सप्लाई वाटर की पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी है।

पूजा

सड़क के किनारे जलनिगम की पाइप लाइन में एक पखवारे से लीकेज है। जिससे पीने योग्य पानी घरों में पहुंचने के बजाय सड़क पर बह रहा है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो हरी है।

आशीष

लोगों का इस मार्ग पर आना-जाना मुश्किल हो गया है। घरों में पानी का संकट है। जलनिगम के जिम्मेदार पानी की टंकी पर रोजाना ड्यूटी भी कर रहे हैं। बावजूद इसके इस समस्या को नजरंदाज कर रहे हैं।

कौशल