छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) का स्वच्छता सर्वेक्षण फरवरी में होगा। जनवरी तक का शेड्यूल शहरी विकास मंत्रालय ने जारी कर दिया है। इस तरह, जमशेदपुर अक्षेस को तैयारी करने के लिए और मोहलत मिल गई है। जमशेदपुर इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर वन की दौड़ में काफी आगे चल रहा है। स्वच्छता एप डाउनलोड और इसके जरिए सफाई के मामले में जमशेदपुर को 400 में 400 अंक मिले हैं। सिटीजन फीडबैक में जमशेदपुर देश में तीसरे नंबर पर है।

मेहनत लाई रंग

शहर को स्वच्छतम शहर बनाने में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी संजय कुमार पूरी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने न केवल जमशेदपुर अक्षेस को रैंकिंग में काफी ऊपर ले जाने की पहल की है बल्कि कोल्हान के अन्य नगर निकायों को भी वो टिप्स दे रहे हैं। आनस्पाट कंपोस्टिंग के लिए उन्होंने देश की नामी कंपनियों के साथ कार्यशाला में कोल्हान के सभी नगर निकायों के विशेष अधिकारियों और नगर प्रबंधकों को बुलाया।

बेहतर परफॉर्मेस के लिए चार वर्कशॉप

स्वच्छता सर्वेक्षण में किस तरह बेहतर रैंकिंग हासिल की जाए इसे लेकर वो चार मर्तबा कार्यशाला करा चुके हैं। इन कार्यशालाओं में कोल्हान के सभी नगर निकायों के अधिकारी आए। हाल ही में दिल्ली से आए स्वच्छता सर्वेक्षण के नोडल अधिकारी अनिल प्रकाश और सुनील कुमार के साथ होने वाली बैठक में भी विशेष अधिकारी संजय कुमार ने सभी नगर निकायों के अधिकारियों को बुलाया था।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता

यही नहीं, स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रचार में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। जमशेदपुर अक्षेस ने पतंग उत्सव, सेल्फी विद डस्टबिन, एप डाउनलोड प्रतियोगिता आदि कराई है। शहर में सार्वजनिक स्थलों की चित्रकारी से परिपूर्ण दीवारें सर्वेक्षण का पता दे रही हैं।