RANCHI: अपना घर हो या दुकान हर किसी को अच्छा लगता है। लेकिन जब आप घर का कचरा निकालकर रोड पर फेंक देते हैं तो आप अपने शहर को ही गंदा करते हैं। इसके बाद हम रांची नगर निगम को जिम्मेवार ठहराते हैं और कहते है कि नगर निगम सफाई ही नहीं करा रहा है। लेकिन कहीं न कहीं शहर की ऐसी हालत के लिए हमलोग खुद भी जिम्मेवार हैं। ऐसे में शहर के लोगों से सफाई की अपील की जा रही है कि वे अपनी आदत बदलें तो शहर की सूरत ही बदल जाएगी।

अपील पर भी नहीं सुधर रहे लोग

नगर निगम लोगों से कचरे को डस्टबिन में डालने की अपील कर रहा है। लेकिन कई इलाके में तो लोगों ने हैंगिंग डस्टबिन ही गायब कर दिए हैं। वहीं कचरा डस्टबिन में डालने के बजाय लोग दूर से कचरा फेंक कर निकल जाते हैं। इसके बाद रोड पर घूमने वाले आवारा जानवर कचरे को तहस-नहस कर गंदगी और बढ़ा देते हैं। ऐसे में स्वच्छता सर्वे के बावजूद हमारे शहर में कई जगह गंदगी का अंबार लगा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अपील के बाद भी लोगों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।

अपने शहर को भी घर की तरह देखें तो हम एक अच्छा माहौल तैयार कर सकते हैं। कुछ परेशानियां नगर निगम के साथ भी हैं। लेकिन हमें अपनी आदतें बदलनी होंगी। डस्टबिन में कचरा डालें। घर में कचरे को अलग करके रखें तो उठाने में परेशानी नहीं होगी।

आशा लकड़ा, मेयर, रांची

सफाई तो हर किसी को करनी चाहिए। आसपास में सफाई से एक पॉजीटिव माहौल बनता है। कैंपस में भी हमने सफाई रखने का मैसेज दिया है। इससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी अच्छा फील होगा। दुकानदारों को भी वेस्ट के लिए डस्टबिन रखने की जरूरत है।

डॉ। डीके सिंह, डायरेक्टर, रिम्स

जहां-तहां कचरा फेंकने से दूसरों की परेशानी बढ़ाते हैं। अगर कचरा डस्टबिन में डाल दिया जाए तो हमारे स्टाफ उठाव कर लेंगे। लेकिन कई ऐसे लोग हैं जो डस्टबिन सामने होते हुए कचरा नहीं डालते। अगर एक कदम आगे बढ़ जाएं तो शहर में गंदगी नहीं होगी।

संदीप कुमार, सिटी मैनेजर

लोग गंदगी फैलाते हैं तो इसका टेंशन नहीं लेते। अगर वे इस बात को समझ जाएं कि यह गंदगी भी हमें ही नुकसान करेगी तो हमारे शहर की सूरत ही बदल जाएगी। हम अपने शहर को साफ बनाने के लिए अगर थोड़ा भी सतर्क हो जाएं तो हमारा शहर साफ हो जाएगा।

अर्जुन यादव, पार्षद, वार्ड-10