RANCHI: स्वच्छता सर्वे 2018 की रिपोर्ट आने के बाद अब अगले साल 2019 की तैयारी में रांची नगर निगम जुट गया है। ऐसे में इस बार का स्वच्छता सर्वे 5000 मा‌र्क्स का होगा। इसके लिए अलग-अलग कैटेगरी तय की गई है। जहां सर्टिफिकेशन के लिए 1250, डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन के लिए 1250, सर्विस लेवल प्रोग्रेस के लिए 1250 और सिटीजन फीडबैक में भी 1250 नंबर का सर्वे होगा। इसी के आधार पर राजधानी रांची की रैंकिंग तय होगी। इसे लेकर मंगलवार को रांची नगर निगम में वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें निगम के अधिकारियों के साथ ही सफाई एजेंसी और सुपरवाइजर भी शामिल हुए।

रांची को मिला था 21वां रैंक

भारत सरकार द्वारा कराए गए स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में देश के 4041 नगर निकायों को शामिल किया गया था। इसमें झारखंड के नौ शहर टॉप 100 शहरों में शामिल थे। इस लिस्ट में चास 19वें, मानगो 20वें और रांची 21वें स्थान पर था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में विभिन्न क्षेत्रों में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले रांची, चाईबासा, बुंडू, गिरिडीह और पाकुड़ को सम्मानित किया जा चुका है।

सिटीजन फीडबैक के सवाल

-क्या आप जानते हैं कि आपका शहर स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में पार्टिसिपेट कर रहा है?

-क्या आप शहर की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट हैं?

-क्या आपको कामर्शियल और पब्लिक एरिया में कचरे के बिन नजर आ रहे हैं?

-क्या आपका वेस्ट कलेक्टर सूखे और गीले कचरे के बारे में पूछता है?

-क्या आप जानते हैं कि आपसे कलेक्ट किया वेस्ट डंपिंग साइट, सैनिटरी लैंडफील साइट या प्रोसेसिंग साइट भएजा जाता है?

-क्या आपको आसानी से यूरीनल, टॉयलेट मिलता है और वह साफ है?

-क्या आप अपने शहर में ओडीएफ का स्टेटस जानते हैं?