RANCHI: आज से स्वच्छता सर्वे की शुरुआत हो जाएगी। इसमें देशभर के सैकड़ों शहर अपनी स्वच्छता की रिपोर्ट एजेंसी के सामने रखेंगे। लेकिन रांची नगर निगम के सामने कई चुनौतियां हैं, जिसपर काम करने की जरूरत है। वहीं कुछ चीजों को लेकर अधिकारियों की नींद भी उड़ी हुई है। उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि वेस्ट प्रोसेसिंग में इस बार भी उनके नंबर काट लिए जाएंगे। हालांकि सर्वे को लेकर डॉक्यूमेंटेशन का काम पूरा किया जा चुका है।

नुक्कड़ नाटक से संदेश

लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए नगर निगम जगह-जगह होर्डिग और पोस्टर लगाएगा। इसके साथ ही लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से घर व मार्केट में सफाई रखने का संदेश दिया जाएगा। वहीं लोगों को अपने घर में गीला और सूखा कचरा सेग्रीगेट करने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

बायोडिग्रेडेबल होर्डिग्स लगेंगे

स्वच्छता के प्रचार-प्रसार को लेकर नगर निगम शहर में होर्डिग्स और पोस्टर लगाएगा। इस बार पोस्टर और होर्डिग्स बायोडिग्रेडेबल मैटेरियल से बने है। जिससे कि आसानी से इसका डिस्पोजल किया जा सकेगा। वहीं इंवायरनमेंट के लिए भी नुकसान दायक नहीं होगा। इसके इस्तेमाल को लेकर भी लोगों का जागरूक किया जाएगा ताकि राजधानी के वातावरण को भी नुकसान न हो।

5000 नंबर का स्वच्छता सर्वे, कट जाएंगे नंबर

स्वच्छता सर्वे इस बार 5000 नंबर का होगा। इसमें डॉक्यूमेंटेशन पर 1250, डायरेक्टर आब्जर्वेशन पर 1250, पब्लिक फीडबैक पर 1250 और सर्टिफिकेशन पर 1250 नंबर तय हैं। लेकिन अधिकारियों को नंबर कटने की टेंशन सता रही है। सर्टिफिकेशन में 350, रीमेडिएशन में 40, वेस्ट प्रोसेसिंग में 120, लैंड फिल में 50 नंबर कट जाएंगे। इसकी एक बड़ी वजह सीवरेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था नहीं होनी है।