- अब नगर निगम के अफसर करेंगे डेली दो से तीन वार्ड की सफाई का निरीक्षण

- नगर आयुक्त को सौपेंगे डेली रिपोर्ट, नगर आयुक्त ने मौके पर ही कार्रवाई का दिया निर्देश

GORAKHPUR: शहर की सफाई व्यवस्था को संभालने अब सभी जिम्मेदारियां नगर निगम अफसरों के कंधों पर आ गई है। नगर आयुक्त राजेश कुमार त्यागी ने नगर निगम के सभी अफसरों को सफाई का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी है। नगर आयुक्त ने आदेश दिया कि नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, मुख्य लेखाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, सहायक अभियंता, सहायक लेखाधिकारी और जेई डेली सुबह सात बजे से लेकर सुबह नौ बजे तक शहर के दो से तीन वार्डो में घूमेंगे और डेली वहां की सफाई का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अगर कोई अनुपस्थित मिलता है या कार्य में लापरवाही बरती जा रही है तो तत्काल कार्रवाई भी कर सकते हैं।

वार्ड 42 का किया निरीक्षण

स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारी जुटे गए हैं। डेली नगर निगम के अधिकारी अब सफाई कराने के लिए शहर की गलियों को घूमने के लिए निकल रहे हैं। सोमवार को नगर आयुक्त ने वार्ड नं 42 सिविल लाइन के कई गलियों का निरीक्षण किया और जिम्मेदारों के पेंच भी कसे। नगर आयुक्त ने नालों के किनारे जमी घास को काटने के साथ ही सिल्ट निकालने का भी निर्देश जारी किया। नगर आयुक्त की मानें तो अगर दो दिन के अंदर नालों की सफाई नहीं हुई तो सुपरवाइजर पर कार्रवाई की जाएगी।

मेयर ने दिखाई हरी झंडी

गोरखपुर एनवायर्नमेंटल एक्शन ग्रुप, नगर निगम और महानगर पर्यावरण मंच की ओर से कूड़ा-कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरुक किया जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को एक अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत पंत पार्क के सामने से मेयर डॉ। सत्या पांडेय ने जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मेयर ने कहा कि इस अभियान की जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है, इससे इधर-उधर कूड़ा फैलाने वाले लोग जागरुक होंगे। नगर आयुक्त राजेश कुमार त्यागी ने कहा कि आम नागरिकों की भागीदारी से ही शहर सुंदर हो सकता है। इस अभियान से शहर को स्वच्छ बनाने में बहुत ही सहयोग मिलेगा।