छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: जमशेदपुर की जीवन रेखा कही जाने वाली स्वर्णरेखा को अब नई जिंदगी मिलेगी। जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) के स्पेशल ऑफिसर संजय कुमार के निर्देश पर गुरुवार को अक्षेस की टीम ने नदी की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। जेएनएसी के सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी के नेतृत्व में 15 सफाई कर्मियों की टीम ने नदी से काई और गंदगी साफ की। जेएनएसी के विशेष अधिकारी संजय कुमार ने सिटी मैनेजर को नदी की सफाई का काम शुरू करने को कहा। इसके बाद गुरुवार को ढ़ाई बजे सिटी मैनेजर 15 सफाई कर्मियों को लेकर दोमुहानी पहुंचे। यहां खरकई और स्वर्णरेखा नदियां एक दूसरे से मिलती हैं। यहां काफी काई जम गई है। काई के चलते यहां नदी का रंग हरा हो गया है। काई जम जाने से नदी में प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया ठप हो जाती है। इससे नदी को प्राकृतिक रूप से साफ करने वाले शैवाल खत्म हो जाते हैं। जेएनएसी के सफाई कर्मियों ने यहां तकरीबन पांच घंटे तक सफाई की। दोमुहानी घाट पर पुरानी पूजा सामग्री भी पड़ी थी। इसे भी साफ किया गया। जेएनएसी के सिटी मैनेजर ने बताया कि ये सफाई अभियान जारी रहेगा।

15 नाले कर रहे प्रदूषित

स्वर्णरेखा और खरकई नदियों में शहर से गिर रहे 15 गंदे नाले इस नदी को प्रदूषित कर रहे हैं। जमशेदपुर अक्षेस की तरफ से यहां एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित है। इस प्लांट के बन जाने के बाद नदी में गिरने वाले नालों के पानी से खतरनाक रसायन साफ कर दिए जाएंगे। इससे नदी का प्रदूषण कम होगा। जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जल्द ही धरातल पर उतरेगा। इसके लिए कोशिश चल रही है।

भोजपुर घाट की हुई सफाई

बारीडीह भोजपुर घाट इस बार आदर्श घाट रहेगा। यहां छठ व्रतियों के लिए जेएनएसी की ओर से से तमाम सहूलियत दी जाएंगी। गुरुवार को जेएनएसी के सफाई कर्मियों ने भोजपुर घाट की सफाई की।