JAMSHEDPUR: साकची स्थित बंगाल क्लब, जमशेदपुर में रविवार को विश्व कवि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर की 157वीं जयंती मनाई गई। जयंती समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम के साथ हुआ। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंजली बोस, बंगाल क्लब के अध्यक्ष तापस मित्रा व महासचिव राजा चौधरी ने कवि गुरु केतस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शाम की ढलती धूप के बीच संगीत व नृत्य की शीतलता संग शहर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। रवींद्र जयंती पर बंगाल की माटी की सुगंध के साथ शहर के बंग समाज के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में कलाकारों ने रवींद्र संगीत, कविता पाठ, समूह गान, समूह नृत्य आदि की प्रस्तुति से शांति निकेतन का अहसास कराया।

गुरुदेव को नमन किया

प्रारंभ में बंगाल क्लब के कलाकारों ने समूह गान से गुरुदेव को नमन किया। इसके बाद कत्थक गुरु पंडित संदीप बोस व उनके शिष्यों द्वारा रवींद्र संगीत आनंदो धारा बोईछे भुबोने पर मनमोहक नृत्य पेश किया गया। कार्यक्रम में युवा कलाकार सुतुलिका ने रवींद्र संगीत पेश किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। सुब्रतो विश्वास ने तोमर पूजार छोले, अरूप तोमार बानी, अमृता मल्लिक ने सारथोको जोन्मो अमार, अमार शेष प्राणेर कोड़ी और सब्यसाची चंदो ने ताई तो तोमार आमार पोर, एबार तोर मोरार गांगे जैसे एक से बढ़कर एक रवींद्र संगीत पेश किए। मौके पर रूपा राय व मिठु मंडल ने रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा रचित कविता सुनाया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि अंजली बोस ने केक काटकर मदर्स डे मनाया। कार्यक्रम को अंजली बोस, बंगाल क्लब के अध्यक्ष तापश मित्रा और महासचिव राजा चौधरी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने रवींद्रनाथ टैगोर को आधुनिक युग के महान दार्शनिक व शिक्षाशास्त्री बताया। मंच का संचालन शर्मीला पाल ने किया।