-पर्यटन को बढ़ावा देने के उददेश्य से की खेलों की पहल

-भारतीय सांस्कृतिक परिधानों पर आधारित होगा फैशन शो

आगरा। ताजनगरी में इस बार ताज महोत्सव भव्य होगा। कार्यक्रम में देशी-विदेशी कलाकारों के साथ बॉलीवुड स्टार, हास्य कलाकार शिरकत करने आ रहे हैं। कला, शिल्प, संस्कृति एवं व्यंजन का उत्कृष्ट संगम दिखाई देगा। प्रशासनिक, पर्यटन अधिकारियों द्वारा सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। 25 वें ताज महोत्सव का आगाज गुरुवार को किया जा रहा है। शुभारंभ मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर द्वारा किया जाएगा। इस बार ताज महोत्सव में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था रखी गई है, जिसमें गोल्फ टूर्नामेंट आदि प्रमुख होगा।

देशी-विदेशी कलाकार करेंगे शिरकत

ताज महोत्सव में न्यूयार्क से बरखा पटेल कथक नृत्य, यूफोरिया से पलाश सेन व कोलकाता से देबांजन भट्टाचार्य सरोद का गायन करेंगे। इसी तरह मीर-ओ-गालिब कुल हिन्द मुशायरा में प्रो.वसीम बरेलवी, मंजर भोपाली, ताहिर फराज, मंसूर उस्मानी, लता हया, पापुलर मेरठी, अंजुम बाराबंकवी, अना देहलवी आलोक श्रीवास्तव व फरमूद इलाहाबादी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसके अतिरिक्त बॉलीवुड स्टार नाइट में सिंगर सुनिधी चौहान और श्रेया घोषाल जलवा बिखेरेंगी।

गोल्फ खेलने आएंगे सैकड़ों खिलाड़ी

ताज महोत्सव के दौरान 21 फरवरी को गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन रखा गया है। जिसका शुभारंभ डीजीपी जाविद अहमद द्वारा किया जाएगा। मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार आगरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोल्फ टूर्नामेंट किया जा रहा है। भारत में पहली बार इस गेम में नौ होल रखे गए हैं। विदेशों की अपेक्षा भारत में गोल्फ सस्ता है। डेल्ही और नोएडा में गोल्फ काफी भरा रहता है। उन्होंने पर्यटन को लुभाने के लिए इसे अच्छी पहल बताया। कार्यक्रम में क्रिकेटर कपिल देव, अमित लूथरा, हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल, राघव, जग्गी और गिल शिरकत करने आ रहे हैं, जो नेशनल स्तर के खिलाड़ी हैं। साथ ही देशी- विदेशी पर्यटकों के माध्यम से ताज महोत्सव का प्रचार-प्रसार हो सके, इसके लिए आगरा के सभी होटलों में पोस्टर, ब्रोशर के विरतण की व्यवस्था की गई है।

सीकरी में कार्यक्रम की नहीं अनुमति

महोत्सव के अंतर्गत फतेहपुर सीकरी में कार्यक्रम होना प्रस्तावित था, लेकिन एएसआई ने इसकी अनुमति नहीं दी। जिलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि अनुमति के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों का आयोजन नही होने की स्थिति में फतेहपुर सीकरी जाने वाले पर्यटकों को मायूस होना पड़ेगा। फतेहपुर सीकारी में काव्य कला भक्ति संगीत, मुशायरा सहित आदि कार्यक्रम प्रस्तावित थे।

दो हजार कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा

महोत्सव में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए दिन के समय नूरजहां प्रेक्षागृह में स्कूली बच्चों व स्थानीय एवं ऑचलिक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। इस बार ऑचलिक एवं स्थानीय स्तर पर 700 प्रस्तुतियां नूरजहां प्रेक्षागृह एवं मुख्य मंच पर दो हजार कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय स्तर पर 19 उद्द्योषकों का चयन किया गया है। इसके अलावा भारतीय सांस्कृतिक परिधानों पर आधारित फैशन शो का आयोजन भी रखा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

ताजमहोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त संख्या में डीएफएमडी लगाए गए हैं। पुलिस बल एवं निजी सुरक्षा गार्डो की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त महोत्सव परिसर में मुख्य स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।