- इस ताज महोत्सव की थीम होगी परंपरा

- सूरसदन, सर्किट हाउस और आगरा कॉलेज में होंगे कार्यक्रम

आगरा। इस बार ताज महोत्सव में परंपरा के कई रंग दिखेंगे। इस बार ताज महोत्सव की थीम परंपरा रहेगी। श्रीराम नृत्य नाटिका से ताज महोत्सव शुरू होगा ओर इसका समापन मशहूर गायकार कुमार शाू के नगमों के साथ होगा। इसी के अनुरुप महोत्सव में साज-सज्जा व अन्य कार्यक्रम कराए जाएंगे। बता दें कि पिछली बार ताज महोत्सव की थीम धरोहर चुनी गई थी। इस बार ताज महोत्सव का आयोजन 18 से 27 फरवरी तक किया जाएगा। इसका उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल रामनाइक करेंगे।

1992 में की गई थी ताज महोत्सव की शुरुआत

ताजनगरी में वर्ष 1992 में ताज महोत्सव की शुरुआत की गई थी। तब से प्रतिवर्ष शिल्पग्राम में महोत्सव हो रहा है। महोत्सव में इस बार आगरा कॉलेज मैदान में पुस्तक मेला, सर्किट हाउस में पुष्प एवं शाक-भाजी प्रदर्शनी, स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिताएं, सूरसदन में नाटक, मुशायरा, भगत आदि के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा अशोक कॉसमॉस मॉल में आगरा ग्रीन फेस्टिवल होगा। शिल्पग्राम में दोपहर में मुख्य मंच पर स्कूली बच्चों और शाम को देश भर से आमंत्रित कलाकारों के कार्यक्रम होंगे। मुख्य कलाकारों के कार्यक्रम रात आठ से 10 बजे तक होंगे। महोत्सव की शुरुआत श्रीराम पर आधारित नृत्य नाटिका से होगी। सदर में इस बार दिन में कार्यक्रम नहीं होंगे, रात में यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस बारे में उपनिदेशक पर्यटन अमित ने बताया कि महोत्सव की थीम इस बार परंपरा चुनी गई है। महोत्सव के उद्घाटन को राज्यपाल से समय मांगा गया है।

शिल्पग्राम में मुख्य कार्यक्रम

18 फरवरी: भगवान श्रीराम पर नृत्य नाटिका

19 फरवरी: पारंपरिक परिधानों पर आधारित फैशन शो

20 फरवरी: लोक गायन। गायक उषा उत्थप

22 फरवरी: कॉमेडियन सुनील पाल, राजा रैंचो

23 फरवरी: गायक अल्ताफ रजा

24 फरवरी: मुंबई का बैंड उड़ान

25 फरवरी: गायक रितू पाठक

26 फरवरी: पंजाबी गायक जसवीर जस्सी

27 फरवरी: गायक कुमार शानू

महोत्सव में यह आकर्षण

18 से 27 फरवरी, पुस्तक मेला, आगरा कॉलेज मैदान

18 से 27 फरवरी, विज्ञान प्रदर्शनी, शिल्पग्राम

20 से 22 फरवरी, खेलकूद प्रतियोगिता, एकलव्य स्पो‌र्ट्स स्टेडियम

21 फरवरी, सेमिनार बियोंड दि ताज, होटल ग्रांड

23 से 24 फरवरी, पुष्प एवं शाक-भाजी प्रदर्शनी, सर्किट हाउस

23 फरवरी, आगरा ग्रीन फेस्टिवल, अशोक कॉसमॉस मॉल, संजय प्लेस

25 फरवरी, कुकरी प्रतियोगिता, शिल्पग्राम