- ज्योतिषाचार्यो के अनुसार हमें अपनी राशी के अनुसार लगाने चाहिए पौधे

- नॉलेज के बिना गलत पौधे लगाने पर हो सकते हैं नेगेटिव रिजल्ट

Meerut : पौधों को लगाने से न केवल हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहता है, बल्कि हमारे आसपास और घर में पॉजिटिव एनर्जी भी रहती है। ज्योतिष भी ऐसा ही मानते हैं कि राशि के अनुसार पौधे लगाने से सभी बाधाओं को दूर किया जा सकता है और अपने जीवन को खुशहाल बनाया जा सकता है।

हर समस्या का समाधान है पौधा

कई बार हमारे काम होते-होते रह जाते हैं। ज्योतिषशास्त्रियों का मानना है कि पौधरोपण से इस समस्या का समाधान हो सकता है। अशांति, बीमारी, आर्थिक परेशानी, दांपत्य जीवन में अनबन आदि समस्याओं का समाधान पौधरोपण में छिपा है। ज्योतिषाचार्य पं। केडी कात्यान और विल्वेश्वर नाथ संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य पंडित चिंतामणि जोशी ने बताया कि आपको अपने राशि स्वामी को प्रसन्न करने के लिए राशि के अनुसार पौधे लगाने होंगे।

इन पौधों को लगाने से बचें

घर में कभी भी कांटेदार पौधे नहीं लगाने चाहिए। पंडित हरिश्चंद्र जोशी के अनुसार कैक्टस, बबूल, बोनसाई और फल वाले पौधे नहीं लगाने चाहिए। ऐसे पौधे घर में पारिवारिक द्वेष का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा जिन पौधे में सफेद दूध जैसा पदार्थ निकलता है, उसे लगाना भी अशुभ होता है।

धन के लिए लगाए हरसिंगार

तुलसी, नीम, हरसिंगार, अशोक के पेड़ हर जगह हर व्यक्ति लगा सकता है। हरसिंगार के बारे में कहते हैं कि श्रीकृष्ण भगवान रुक्मणि के लिए इस पौधे को इंद्रलोक से लेकर आए थे। इसे घर में लगाने से हमेशा लक्ष्मी का वास रहता है।

दिशा के अनुसार लगाएं पौधे

पेड़-पौधे पूरब दिशा में लगाने चाहिए। ग्रह के बुरे प्रभाव से बचने के लिए पश्चिम और उत्तर दिशा के बीच में कुछ बड़े पेड़ लगाए जा सकते हैं। इससे घर में शांति रहती है।

मधुर दांपत्य के लिए मनी प्लांट

ज्योतिषाचार्य केडी कात्यान के अनुसार घर में वास्तुशास्त्र के अनुसार मनी प्लांट लगाने से भी घर में लक्ष्मी का वास रहता है। साथ ही इससे पति-पत्नी के बीच मधुरता हमेशा बनी रहती है। लेकिन, दांपत्य जीवन में सुख शांति के लिए बेडरूम में किसी भी प्रकार का कोई भी पौधा न रखें।

समृद्धि के लिए लगाएं बांस

अगर आप चाहते हैं कि आपका नाम हो, तो आपको अपनी समृद्धि के लिए बांस का पौधा लगाना शुभ होगा। इससे सुख व समृद्धि दोनों का ही आपको लाभ होगा।

पौधे लगाना शुभ बेहद शुभ माना जाता है। काफी पौधे ऐसे भी होते हैं जिनमें औषधीय गुण होते हैं। जिनको लगाने से बहुत सी बीमारियां दूर होती हैं। कई पौधे हमें सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।

चिंतामणि जोशी, प्राचार्य, विल्वेश्वर नाथ संस्कृत महाविद्यालय

पौधे लगाने से ग्रहों को शांत किया जा सकता है। पौधे लगाने भी उतने ही लाभदायक है जितने की हमारे पूजा पाठ का लाभ होता है। इसलिए हमें राशि के हिसाब से पौधे लगाने चाहिए।

केडी कात्यान, ज्योतिषाचार्य

किस राशि वाले कौन सा पौधा लगाएं

मेष-वृश्चिक

इन राशि वालों का स्वामी मंगल होता है, इसलिए मंगल देव को संतुष्ट करने के लिए खैर का पेड़ लगाना चाहिए। इसके अलावा लाल फल-फूल वाले पेड़-पौधे लगाना भी शुभ होता है।

वृष-तुला

इन राशि वालों का स्वामी शुक्रहोता है। शुक्र को संतुष्ट करने के लिए गूलर का पेड़ लगाना चाहिए। इसके अलावा सफेद फल-फूल वाले बड़े पेड़ भी लगाएं तो इससे भी लाभ होगा।

कन्या-मिथुन

इन राशि वालों का स्वामी बुध होता है। इन लोगों को विधारा का पेड़ लगाना चाहिए। ये लोग बिना फल और बिना फूल वाले छोटे पौधे लगाएं, तो ज्यादा लाभ होगा।

कर्क राशि

कर्क राशि वाले लोगों का राशि स्वामी चंद्रमा होता है, इसलिए उन्हें अपने बगीचे में पलाश का का पेड़ लगाना चाहिए। तुलसी या अन्य छोटे-छोटे औषधीय पौधे लगाना भी इस रशि के लिए शुभ होता हैं।

सिंह

सिंह राशि का स्वामी सूर्य है। इस राशि वालों को बेल का पेड़ लगाना शुभ होता है। सावन के माह में इसका सबसे ज्यादा लाभ मिलता है। लाल रंग के फूल वाले बड़े पेड़ लगाना भी शुभ होता है।

धनु-मीन

धनु और मीन राशि का स्वामी गुरु है। इस राशिवालों को केले का पेड़ लगाना चाहिए, लेकिन इस बात का ख्याल रखें कि आप केले के पेड़ को घर के आंगन में न लगाएं। घर के बाहर या फिर किसी खुली जगह पर ही लगाएं।

मकर-कुंभ

मकर और कुंभ राशि का स्वामी शनि होता है। इस राशि के लोगों को शमी का पेड़ लगाना चाहिए। इस राशि के लोगों को बिना फल-फूल वाले पौधे लगाना लाभकारी होगा।