-खेल रहे बच्चों के विवाद में उसे मारी गई थी गोली

-लखनऊ स्थित अस्पताल में शुक्रवार को उसने ली आखिरी सांस

ALLAHABAD: गोली लगने से घायल मो। तौसीफ की इलाज के दौरान शुक्रवार को लखनऊ में हुई मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हाल ही में हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उसे गोली मार दी थी। घटना को हुए पांच दिन पूरे हो चुके हैं। परिजनों का कहना है कि आज तक पुलिस आरोपितों जुनैद, उबैद व फहद को गिरफ्तार नहीं कर सकी। आरोपित पूर्व सांसद अतीक के करीबी बताए जाते हैं।

उसकी मौत से मचा कोहराम

खेल रहे बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर बेली गांव निवासी मो। तौसीफ व छक्कन के रविवार को विवाद हुआ था। अगले दिन समझौते पर सहमति बनी तो तौसीफ अपने पिता के साथ छक्कन के घर पहुंच गया था। आरोप है कि छक्कन के दरवाजे पर समझौते से पूर्व दोनों के बीच बहस होने लगी। बात बढ़ी तो आरोपितों ने उसे गोली मार दी। गोली कनपटी पर लगते ही तौसीफ गिर पड़ा। यह देख हमलावर फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों संग उसे बेली अस्पताल ले गई। यहां से डॉक्टरों ने उसे एसआरएन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। उसकी हालत देख चिकित्सकों ने लखनऊ भेज दिया। लखनऊ में कई दिनों तक चले इलाज के दौरान शुक्रवार को तौसीफ की मौत हो गई।