RANCHI : अब इंटरनेट बैंकिंग से जमीन की लगान जमा की जा सकती है, जबकि जबकि प्रज्ञा केंद्रों से लगान रसीद ऑनलाइन कटाई जा सकती है। जिले के सोलह अंचल ऑनलाइन म्यूटेशन सिस्टम से जोड़ दिए गए हैं और जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे की गति तेज कर दी गई है। बुधवार को मीडिया संवाद कार्यक्रम में डीसी मनोज कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब लोगों को म्यूटेशन अथवा रसीद कटवाने के लिए अंचल ऑफिस और तहसील कचहरी का चक्कर नहीं लगाना होगा। घर बैठे ही अब जमीन के म्यूटेशन और रसीद के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकता है।

757 एकड़ जमीन चिन्हित

डीसी ने बताया कि विभिन्न अंचलों में 757 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। इसकी जानकारी रियाडा के सचिव को दे दी गई है। ऊर्जा विभाग के लिए भी एचइसी, मेकॉन, एनआरएचएम व कुसई कालोनी में भूमि चिह्नित की गई है। इसके अलावा ट्रिपल आइटी के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि इंदिरा आवास योजना जो अब प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के नाम से जाना जाता है इसके तहत अब आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, एक वर्ष 2011-2015 तक 75 प्रतिशत आवास निर्माण का कार्य पूरा किया गया है।

अब अकाउंट में स्कॉलरशिप की राशि

वेलफेयर डिपार्टमेंट की क्लास वन से फोर तक की स्कॉलरशिप की राशि अब विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में सरकार द्वारा भेजी जाती है, जहां से उसका वितरण स्टूडेंट्स के बीच होता है। माध्यमिक एवं उच्च कक्षा के एसटी, एससी, ओबीसी को दी जाने वाली छात्रवृत्ति भी अब सीधे विद्यार्थियों के खाते में सीधे जा रही है।

हर महीने मीडिया संवाद कार्यक्रम

जिला प्रशासन अब हर महीने मीडिया के जरिए आम जनता को विकास कार्यो के प्रगति की जानकारी देगी। इसके लिए महीने के आखिरी बुधवार को मीडिया-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीसी मनोज कुमार ने प्रेस-प्रशासन वार्ता से संबंधित इस कार्यक्रम की शुरूआत की। डीसी ने कहा इस पहल से प्रशासन सरकार योजनाओं और प्रशासन की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, डीडीसी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडिशनल कलेक्टर समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

हर थाने में महिला मुंशी

मीडिया संवाद कार्यक्रंम में रांची एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने भी पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस का 'आओ साथ चलें' कार्यक्रम आम लोगों को पुलिस का दोस्त बनाने की कोशिश है। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए राहगिरी डे की तर्ज पर ही 'राइड विद प्राइड' कार्यक्रम के माध्यम से खेल खेल में यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। इस मौके पर उन्होंने बताया कि अगले माह से हर थाने में महिला मुंशी की व्यवस्था रहेगी।

हर स्कूल में चल रहा स्टूडेंट सेफ्टी प्रोग्राम

एसएसपी ने कहा कि स्टूडेंट सेफ्टी प्रोग्राम (एसएसपी) स्कूलों में चलाया जा रहा है। इसमें स्कूल में ही एक कमेटी बनेगी। इसके साथ ही एसआरओ यानी स्टूडेंट रिसोर्स ऑपरेटर को भी लांच किया गया है। इसमें करियर संबंधी जानकारी दी जाएगी। एक वाट्सअप गु्रप भी बनाया जाएगा। इसमें पुलिस के अलावा शहर के प्रमुख लोगों को जोड़ा जाएगा।