GAMAHARIYA: लाठी चार्ज की घटना से आक्रोशित घायल टायोकर्मी व उनके परिजनों ने आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज करेंगे। रविवार को कॉलोनी परिसर स्थित विद्या च्योति स्कूल मैदान में बैठक कर कर्मचारियों ने आगामी आंदोलन की रुपरेखा तय की। बैठक में टायोकर्मियों ने कहा कि न्याय के लिए संघर्ष और तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन को टाटा स्टील अथवा जिला प्रशासन नहीं दबा सकता है। लाठीचार्ज में कई हरिजन एवं आदिवासी महिलाएं भी घायल हुई हैं। नेताओं पर से विश्वास उठ गया है।

अपने बूते लड़ेंगे लड़ाई

इस दौरान निर्णय लिया गया कि टायो संघर्ष समिति के सदस्य अब अपने बल बूते पर लड़ाई लडें़गे। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वार्ता कराने का प्रलोभन देकर महिलाओं पर लाठी चलायी। शांतिपूर्वक प्रदर्शन में लाठी चार्ज करना एक गंभीर विषय है। इसमें दोषी अधिकारियों के खिलाफ किसी भी हद तक जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट एवं मानवाधिकार आयोग तक इस मामले को ले जाएंगे। टायोकर्मियों ने कहा कि गम्हरिया थाना में बेबुनियाद आरोप लगाकर आंदोलनकारियों पर मुकदमा किया गया है इससे वे हरगिज डरने वाले नहीं है। मजदूरों की आवाज को दबाने का हक किसी को नहीं है। बैठक में आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया गया।

देना होगा हिसाब

लाठी चार्ज घायल झारखंड समान अधिकार मंच के संरक्षक मुन्ना शर्मा ने कहा कि मजदूरों पर हुए हमले का हिसाब जिला प्रशासन समेत टाटा स्टील को देना होगा। न्याय की उम्मीद में बैठे मजदूरों समेत उनकी पत्‍ि‌नयों एवं बच्चों ने क्या अपराध किया था कि उनके उपर अचानक लाठियां बरसाने की नौबत आ गयी। एक साल से वेतन नहीं मिलने से भोजन की गंभीर समस्या से सभी जूझ रहे हैं। टाटा स्टील की अन्य कंपनियों में कर्मचारियों को समायोजित करना एवं बकाया वेतन मांगना उनकी जायज मांगे थी। कतिपय भ्रष्ट नेताओं की बदौलत टायो मजदूरों का यह हश्र हुआ है। मजदूरों को समर्थन देने के कारण उनके उपर भी बुरी तरह डंडे चलाए गए।

घायल कर्मचारी से मिले बीडीओ

शुक्रवार को टीजीएस गेट पर लाठी चार्ज में गंभीर रूप से घायल टायोकर्मी तरुण कुमार महतो की सुधि लेने बीडीओ हरिशंकर बारिक समेत अन्य अधिकारी टीएमएच पहुंचे। उन्होंने प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। बेहतर चिकित्सा के लिए बीडीओ ने चिकित्सकों से वार्ता की। बीडीओ ने बताया कि इस घटना से हुई भगदड़ में घायल अन्य कर्मियों की सुधि के लिए जिला प्रशासन तत्पर है।

सीएम-डीआइजी से शिकायत

टायो संघर्ष समिति के संयोजक अजय कुमार शर्मा ने लाठीचार्ज की घटना की मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शर्मा ने सरायकेला के एसडीओ संदीप दुबे, डीएसपी दीपक कुमार, थाना प्रभारी जयराम राणा, टायो प्रबंधक (एचआर) यशवंत पांडेय टीजीएस के अभिषेक शर्मा तथा सिक्यूरिटी प्रमुख राजेन्द्र सत्पथी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि इन पदाधिकारियों के निर्देश पर ही सशस्त्र बल व सुरक्षा गार्ड ने धरना पर बैठे लोगों की जमकर पिटाई की। महिलाओं व बच्चों को भी नहीं छोड़ा। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से उपरोक्त अधिकारियों पर समुचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। पत्र की प्रतिलिपि मंत्री सीपी सिंह, कोलहान के डीआईजी, डीसी व एसपी को भी भेजी गई है।